West Champaran News: रामनगर नगर पंचायत को नगर परिषद का मिला दर्जा, अधिसूचना जारी
West Champaran News पश्चिम चंपारण के रामनगर नगर पंचायत को नगर परिषद का दर्जा मिल गया है। इसको लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। इससे विकास को मिलेगा नया आयाम। नगर परिषद बनाने की मांग लंबे समय से चल रही थी।
रामनगर, (पश्चिम चंपारण), जासं। रामनगर नगर पंचायत को नगर परिषद का दर्जा मिल गया है। इसको लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। पर, इसमें आसपास के किसी गांवों को नहीं लिया गया है। इसका कारण यह है कि नगर परिषद की पात्रता पहले से ही नपं को है। बता दें कि नगर परिषद के लिए जनसंख्या 40 हजार होना आवश्यक है। पर, नगर पंचायत क्षेत्र की आबादी 2011 के जनगणना के अनुसार 48 हजार 411 है। नगर परिषद के गठन की प्रक्रिया में दावा आपत्ति करने के लिए तिथि जिला की तरफ से निकाली गई थी। पर, इन सभी का निराकरण करने के बाद अब जाकर इसकी अधिसूचना जारी की गई है।
उल्लेखनीय है कि इसके पहले नपं के क्षेत्र विस्तार की अटकलें लगाई जा रही थी। पर, क्षेत्र विस्तार नहीं किया गया है। नए नगर निकाय की चौहद्दी में उत्तर सोनखर गांव, पूरब में मुजरा व पंचरूखिया, दक्षिण में डैनमरवा व पश्चिम में धनरपा बैरा टोला फुलवरिया है। अब इस क्षेत्र को नगर परिषद कहा जाएगा। बता दें कि अधिसूचना नगर पंचायत रामनगर को नगर आवास विकास विभाग से गुरुवार को ही प्राप्त हुआ है। वैसे इस संबंध में राज्यपाल के आदेश से सरकार के संयुक्त सचिव के तरफ से पत्र बीते 26 मार्च को ही जारी किया गया था।
विकास को लगेगा पंख
बता दें कि नगर पंचायत नगर निकाय की सबसे छोटी इकाई है। जिसके अनुसार ही इसका बजट व विकास का खाका भी तैयार होता है। इसी के अनुरूप राशि का अलाटमेंट भी होता है। पर, नगर परिषद बन जाने के बाद इसका स्वरूप बदल कर बड़ा हो जाता है। जिससे विकास के कई रास्ते खुलते हैं। मुख्य पार्षद सावित्री देवी व उप मुख्य पार्षद शायरा खातून ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के जनता के लिए हरसंभव जो भी विकास व सुविधा होगी। उपलब्ध कराई जाएगी। जनता के उम्मीदों पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। बता दें कि नगर पंचायत रामनगर को नगर परिषद बनाने की मांग काफी पहले से उठ रही है। जिसको लेकर वर्ष 2017 से हीं इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी।