Weather Update: मुजफ्फरपुर में तेज हवा के झोंके संग हुई झमाझम बारिश, ठंड में वृद्धि Muzaffarpur News
गुरुवार की रात पानी बरसने के बाद शुक्रवार की सुबह से रूक रूक कर बारिश हो रही है। बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है। अगले दो दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार के कई जिलों में गुरुवार की शाम ठंडी हवा चलने के बाद देर रात जमकर बारिश हुई। गुरुवार की रात पानी बरसने के बाद शुक्रवार की सुबह से रूक रूक कर बारिश हो रही है। बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है। सुबह से बादलों ने सूरज को ढ़क रखा है साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 17 दिसंबर से मुजफ्फरपुर समेत पूरे उत्तर बिहार के तापमान में गिरावट के कारण ठंड में वृद्धि होगी। धूप मद्धिम रहेगी और कभी-कभी कुहासा छाई रहेगी।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
जम्मू-कश्मीर से चले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण अगले दो दिनों में उत्तर बिहार के जिलों में आसमान में गरज वाले बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कहीं-कहीं छिटपुट बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। वहीं, तेज हवा के झोंके के साथ बौछार पड़ सकती है। इस बाबत स्काईमेट मौसम एजेंसी ने राज्य के लिए मौसम अलर्ट जारी किया है।
15 दिसंबर तक अधिकतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 11 से 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पांच से आठ किमी की गति से मुख्य रूप से पुरवा हवा चल सकती है। हालांकि 15 दिसंबर को पछुआ चल सकती है।
अगले 48 घंटे के मौसम के बदलाव की भूमिका गुरुवार को बनती दिखी। दोपहर में धूप निकलने के बाद कुहासा की चादर छा गई थी। दोपहर में तापमान 24 डिग्री सेल्सियस था। धूप तेज नहीं होने से ठंड का एहसास हो रहा था। अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इस बारे में डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अब्दुल सत्तार ने कहा कि 'दो दिनों की हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद पछुआ हवा से उत्तर बिहार का मौसम सर्द होगा। दिन में भी कभी-कभी कुहासा छा सकता है।