शिवहर : पुरनहिया में हथियार के बल पर डेढ़ किलो चांदी की लूट मामले में छापेमारी
Sheohar Crime News रविवार की रात बदमाशों ने आर्म्स के बल पर महिला आभूषण व्यवसायी से लूटी थी डेढ़ किलो चांदी। इसके बाद हवाई फायरिंग करते हुए बदमाश फरार हो गए थे। पुलिस की टीम कर रही अलग- अलग इलाकों में छापेमारी।
शिवहर, जागरण संवाददाता। जिले के पुरनहिया थाना क्षेत्र के पुरनहिया में रविवार की रात आर्म्स के बल पर महिला आभूषण व्यवसायी से हुई डेढ़ किलो चांदी की लूट मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीम अलसुबह से ही अलग अलग इलाकों में छापेमारी कर रही हैं। हालांकि, कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बताते चलें कि रविवार की रात अपने पुत्र के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रही पुरनहिया निवासी जगतारण देवी नामक महिला आभूषण व्यवसायी से आर्म्स के बल पर बाइक सवार बदमाशों ने डेढ़ किलो चांदी लूट ली थी। इस दौरान बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग भी की थी। जिसमें महिला और उसके पुत्र बाल- बाल बच गए थे। शोर मचाने के बाद हवाई फायरिंग करते हुए बदमाश फरार हो गए थे।
सूचना के बाद थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार गुप्ता के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुरनहिया थाना पुलिस ने मामले की जांच की थी। वहीं बदमाशों की तलाश में नाकेबंदी कर जांच अभियान चलाया था। महिला के अनुसार, वह गांवों में घूम कर आभूषण का कारोबार करती है। इस क्रम में रविवार को भी निकली थी। देर शाम वह अपने पुत्र के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रही थी। इसी बीच गांव से कुछ दूरी पर दो बाइक पर सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर लूट का प्रयास किया। बेटे ने बाइक की रफ्तार बढ़ा भागने की कोशिश की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जिसमें दोनों बाल- बाल बच गए। बाद में बदमाश चांदी से भरा बैग लूट हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
पुरनहिया थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार गुप्ता ने बताया कि महिला के आवेदन पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं बदमाशों की तलाश में छापेमारी भी की जा रही है।