भाजपा के संकल्प रैली पर रघुवंश सिंह ने कसा तंज, कहा- अबकी बार जनता नहीं खाने वाली धोखा
मड़वन में बूथ कमेटी संघर्ष समिति सम्मेलन का आयोजन। कहा कि एक बार जनता धोखा खा चुकी है मगर अब धोखा खाने वाली नहीं है। कार्यकर्ता भी सजग रह जनता की मदद करें।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। आज लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है, देश खतरे में है। ऐसे में लोकतंत्र बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाना जरूरी है। उक्त बातें पूर्व केंद्रीय मंत्री सह राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह ने गांधी जानकी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भटौना मड़वन के प्रांगण में आयोजित बूथ कमेटी संघर्ष समिति सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
कहा कि एक बार जनता धोखा खा चुकी है, मगर अब धोखा खाने वाली नहीं है। कार्यकर्ता भी सजग रह धोखा देने वाले लोगों को दूर भगाने में जनता की मदद करें। कार्यकर्ताओं से किसी भी हालत में वोट नहीं बिखरने देने की अपील की। संकल्प रैली के संबंध में कहा कि सरकारी खर्चे पर रैली की जा रही है, भीड़ जुटाने के लिए पानी की तरह पैसा बहाया जा रहा है।
विधायक मुन्ना यादव ने कहा कि पांच वर्ष के शासन में न लोगों के खाते में 15 लाख रुपये गए और न दो करोड़ युवाओं को रोजगार मिला। सम्मेलन को प्रदेश महासचिव इसराईल मंसूरी, हैदर आजाद, जिलाध्यक्ष मिथिलेश प्रसाद यादव आदि ने भी संबोधित किया।
मौके पर मो परवेज, बाली सहनी,मुन्नी देवी, अर्जुन सहनी, संजय सहनी, सूरज राम, धर्मेंद्र सिंह, प्रेमशंकर राय, दिनेश यादव, शिवचंद्र राय, मो साबीर, मिश्रीलाल पटेल आदि मौजूद थे। इसके पूर्व सम्मेलन में आने के दौरान राजद नेता हैदर आजाद ने डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह का पकड़ी में भव्य स्वागत किया। वहां से डॉ. सिंह खुली जिप्सी से सम्मेलन स्थल तक पहुंचे।