हत्या मामले में फंसे पूर्व विधायक के बचाव में उतरे रघुवंश प्रसाद
राज कुमार सिंह राजू के पक्ष में पूर्व केंद्रीय मंत्री ने गृहमंत्री को लिखा पत्र। राजू और उसकी पत्नी की गिरफ्तारी को बताया पुलिस का अतिवादी कदम।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। राजद के उपाध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह ने हत्या के मामले में फंसे साहेबगंज के पूर्व विधायक राज कुमार सिंह राजू के पक्ष में पत्र लिखा है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखने के बाद राजनीति गलियारों में कई तरह की चर्चा है। नए साल की पार्टी में फायरिंग और महिला की मौत को पत्र में बचकाना हरकत बताते हुए पूर्व विधायक व उनकी पत्नी के साथ कार्रवाई को अनुचित ठहराया है।
पांच जनवरी को लिखे पत्र में कहा गया है कि 31 दिसंबर 2018 की विदाई और 2019 के आगमन के उपलक्ष्य में नई दिल्ली के फतेहपुर बेरी थानान्तर्गत मांडी गांव के आंबेडकरनगर में सेलिब्रेटिंग फायरिंग हुई, जिसमें गलती से एक महिला की मृत्यु हो गई। इस कारण जदयू के पूर्व विधायक संप्रति भाजपा के सदस्य की गिरफ्तारी हो गई।
उनकी पत्नी पूर्व एमएलसी रेणु सिंह के साथ कई और की भी गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने यह भी लिखा है कि मृतक के परिजन भी उस जश्न में शामिल थे, लेकिन उन्होंने कोई आरोप नहीं लगाया। किसी पर कोई संदेह भी नहीं जताया है। उन्होंने घटना को बचकानी हरकत बताया है। उन्होंने दंपती के साथ अपराधियों जैसा सलूक करने को अनुचित ठहराया है। डॉ. सिंह ने कहा कि वे गृहमंत्री से आग्रह किए हैं कि घटना को चूक मानकर अनुसंधान कराया जाए।
31 को दिल्ली में हुई थी घटना
31 दिसंबर की आधी रात दिल्ली की फतेहपुरबेरी थाना क्षेत्र के मांडी में आयोजित न्यू इयर पार्टी के दौरान फायरिंग में अर्चना गुप्ता नाम की एक महिला घायल हो गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दिल्ली से भागे राजू सिंह को यूपी के कुशीनगर में गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना के बाद साक्ष्य मिटाने के आरोप में पुलिस ने पत्नी रेणु सिंह, ड्राइवर हरि सिंह और उनके मैनेजर को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो पूर्व विधायक की मां के नाम रजिस्टर्ड फार्म हाउस से 800 कारतूस, राइफल और पूर्व विधायक के पास से पिस्टल बरामद किया गया। आरोप है कि जो पिस्टल जब्त हुई है, उसी से फायरिंग हुई है।