ब्रजेश ठाकुर की करीबी मधु के नाम पर करोड़ों की संपत्ति, जानें जांच में क्या मिला Muzaffarpur News
आयकर विभाग ने भेजी ईडी को रिपोर्ट। विभाग भी एडवांस टैक्स जमा न करने पर वसूलेगा जुर्माना।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बालिका गृह यौन हिंसा मामले के आरोपी ब्रजेश ठाकुर की करीबी मधु के पास सात करोड़ से अधिक की चल-अचल संपत्ति है। इस संबंध में आयकर विभाग ने एक जांच रिपोर्ट प्रवर्तन निदेशालय (ईडी ) को भेजी है। ब्रजेश ठाकुर की संपत्ति के जब्त होने के बाद अब ईडी के रडार पर मधु की भी संपत्ति है।
मालूम हो कि आयकर विभाग (जांच) ने ब्रजेश ठाकुर की चल अचल संपत्ति की छह माह से अधिक समय तक जांच करने के बाद सुप्रीम कोर्ट को रिपोर्ट भेजी थी। ब्रजेश ठाकुर के ट्रस्ट सेवा संकल्प की सभी एनजीओ के प्रबंधन में मधु की मुख्य भूमिका थी।
आयकर विभाग (जांच) की गोपनीय रिपोर्ट में मधु के नाम पर करीब सात करोड़ से अधिक की संपत्ति का उल्लेख किया है। जिसमें मकान, जमीन व गाडिय़ां है। इसके अलावा बैंक में नगद भी है। हालांकि, नगद राशि की मात्रा स्पष्ट नहीं है। आयकर विभाग द्वारा यह जांच भी की जा रही है कि मधु आयकर रिटर्न भी भरा करती थी या नहीं। सालाना रिटर्न दाखिल न करने पर विभाग मधु पर अर्जित आय पर कर चोरी का नोटिस देगा और अग्रिम टैक्स के साथ जुर्माना भी वसूलेगा। इतना ही नहीं अन्य आरोपितों के संदर्भ में यही बात लागू हो रही है। उनके मामलों की जांच की जा रही है। जैसे ही औपचारिकताएं पूरी होंगी इनकी संपत्ति को जब्त कर लिया जाएगा।