Darbhanga News: स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव बोले- कोरोना मरीजों की हेल्थ बुलेटिन रोज जारी होगी
Darbhanga News स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने लिया डीएमसीएच के आइसोलेशन वार्ड का जायजा दिए निर्देश।
दरभंगा, जेएनएन। स्वास्थ्य के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा कि अब नियमित तौर पर कोरोना मरीजों की हेल्थ बुलेटिन जारी की जाएगी। वे बुधवार को दरभंगा मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण कर रहे थे। निरीक्षण के बाद डीएमसीएच के अधिकारियों के साथ बैठक की। अधिकारियों से कहा कि कोविड-19 मरीजों की हेल्थ बुलेटिन नियमित तौर पर जारी होगी। 24 घंटे में एक से दो बार बुलेटिन जारी करें। इसमें मरीजों के उपचार से जुड़ी बातों से अवगत कराएं। किसी भी हाल में मरीजों को नीचे भोजन के लिए नहीं उतरना पड़े। खाना मरीजों के बेड पर दें। आइसोलेशन वार्ड में घर का खाना मरीजों को उपलब्ध नहीं हो। इस पर विशेष ध्यान दें। मरीज अपने बेड पर रहें। इसकी निगरानी 24 घंटे करनी है। सभी डॉक्टर रोस्टर का पालन करें। कोविड-19 की गाइडलाइन पर काम करें।
मरीजों से ली भोजन की जानकारी
प्रधान सचिव ने आइसोलेशन वार्ड के निरीक्षण के दौरान मरीजों से भोजन के बारे में जानकारी ली। एक मरीज ने बताया कि उन्हें यहां का भोजन नहीं मिलता है। भोजन घर से आता है। जबकि दूसरे मरीज ने बताया कि यहां का भोजन मिलता है। लेकिन, समय पर नहीं। इसके अलावा डॉक्टरों और स्टाफ नर्स की उपस्थिति की जानकारी ली।