पश्चिम चंपारण में पुलिस वाहन ने तीन महिलाओं को कुचला, एक की मौत WestChamparan News
नरकटियागंज-बेतिया मुख्य पथ पर कोइरगांवा चौक के पास हुआ हादसा। आक्रोशित लोगों ने चालकों को पकड़ा वाहनों से हवा निकाली। राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र दुबे के प्रयास से लोग हुए शांत।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। नरकटियागंज - बेतिया मुख्य पथ पर शनिवार को कोइरगावा चौक पर पुलिस वाहन से कुचलकर एक महिला की मौत हो गई। जबकि, दो महिलाएं गंभीर रूप से जख्मी हो गई। मृत महिला कोइरगांवा निवासी ठग यादव की पत्नी माया देवी ( 65 ) थी। वहीं, जख्मी सीता देवी और राबड़ी देवी को इलाज के लिए बेतिया भेजा गया है।
इस बीच हादसे से आक्रोशित लोगों ने खराब पुलिस वाहन और उसे खींचकर ला रहे ट्रैक्टर के चालकों को पकड़ा। इसके बाद दोनों वाहनों की हवा निकाल दी। सूचना पर वहां पहुंचे राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र दुबे ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। फिर चालकों को पुलिस के हवाले किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेजा। थानाध्यक्ष उग्रनाथ झा ने कहा कि वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि मिनी ट्रक शुक्रवार शाम जवानों को लेकर शिकारपुर थाना आया। वाहन खराब हो गया। शनिवार सुबह वाहन को ट्रैक्टर से खींचकर बेतिया ले जाया जा रहा था। कोइरगांवा चौक पर सड़क किनारे लगी दुकान में महिलाएं छठ पर्व के लिए दउरा खरीद रही थीं। ट्रैक्टर के निकलने के बाद खराब पुलिस वाहन का संतुलन बिगड़ गया। इसकी चपेट में तीन महिलाएं आ गईं। इसमें एक की मौत हो गई।