पश्चिम चंपारण में गंड़क नदी का जलस्तर बढ़ा, पुल पार कर रही भूसा लदी बैलगाड़ी नदी में गिरी
पश्चिम चंपारण के ठकराहां की घटना। गंडक नदी के जलस्तर बढ़ने से पीपा पुल बहा। डूबने से बचा किसान करीब बारह हजार की आबादी प्रभावित।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। लगातार बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर बढ़ गया। इससे बुधवार को ठकराहा प्रखंड को जिला मुख्यालय व अन्य स्थानों से जोडऩे वाला पीपा पुल बह गया। इसी दौरान दियारा से भूसा लेकर आ रहे किसान और उसकी बैलगाड़ी नदी में जा गिरी। हालांकि, स्थानीय लोगों ने किसान को बचाया। पीपा पुल बहने से करीब बारह हजार की आबादी प्रभावित हो गई है। सबसे अधिक समस्या किसानों को होगी। दियारा में अभी सैकड़ों किसानों के तैयार अन्न व भूसा, दर्जनभर टैक्टर व अन्य कृषि यंत्र फंसे हैं।
भवानीपुर गांव निवासी किसान शारदा यादव ने बताया कि गेहूं का भूसा लाने दियारा गए थे। दोपहर 12 बजे लौट रहे थे। इसी दौरान गंडक का पानी तेजी से बह रहा था। सिसवन ढाला के पास आते ही पीपा पुल बह गया। बैलगाड़ी नदी में गिरकर बहने लगी। चिल्लाने पर खेत में कार्य कर रहे लोग जुटे और बचा लिया। हल्की चोट भी लगी। लोगों के सहयोग से बैलगाड़ी को बाहर निकाला गया। बताया कि प्रति वर्ष समय से पूर्व पीपा पुल बह जाता है।