पश्चिम चंपारण में अयोध्या राम मंदिर निर्माण के लिए दिल खोलकर दान दे रहे मुस्लिम समाज के लोग
आरएसएस की टीम गुरुवार की सुबह अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के द्वार पर पहुंची। इस दौरान जानपुल इलाके में नगर परिषद के पूर्व उपमुख्य पार्षद सह भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष मोहिब्बुल हक के आवास पर बड़ी संख्या में मुसलमानों ने राममंदिर निर्माण के लिए सहयोग राशि का समर्पण किया।
पश्चिम चंपारण, जासं। श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि संग्रह अभियान के तहत आरएसएस की टीम गुरुवार की सुबह अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के द्वार पर पहुंची। इस दौरान जानपुल इलाके में नगर परिषद के पूर्व उपमुख्य पार्षद सह भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष मोहिब्बुल हक के आवास पर बड़ी संख्या में मुसलमानों ने राममंदिर निर्माण के लिए सहयोग राशि का समर्पण किया।
इस अवसर पर स्थानीय सांसद सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के प्रभारी राधामोहन सिंह ने कहा कि हमारे अल्पसंख्यक समुदाय के भाइयों ने पूरी उदारता के साथ मंदिर निर्माण के सहयोग राशि समर्पित किया है,यह अत्यंत हर्ष का विषय है। उनका निधि समर्पण यह दर्शाता है कि अल्पसंख्यक समुदाय के अंदर भारतीय संस्कृति के प्रति पूरी आस्था और निष्ठा है। साथ ही वे देश के विकास के साझीदार भी हैं। इससे सबक लेने की जरूरत है। इस अवसर पर मोतिहारी विधायक सह पूर्व कला-संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना, वरीय भाजपा नेता रागिब आजम, प्रदेश उपाध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा अब्दुल कलाम, आरएसएस के विभाग सह कार्यवाह कृष्ण कुमार, नगर संघ चालक उदय नारायण सिंह, नगर कार्यवाह मनोज कुमार, नगर व्यवस्था प्रमुख प्रदीप कुमार, विभाग खण्ड संपर्क प्रमुख सुधांशु रंजन, नगर पार्षद सह जिला मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद सहित अन्य लोग शामिल थे।