खुदरा नहीं लौटाना स्टेशन मास्टर को पड़ा महंगा, नशे में धुत्त यात्री ने कर दी पिटाई Muzaffarpur News
हाजीपुर रेलमार्ग के गोरौल स्टेशन पर खुदरा नहीं लौटाने पर यात्री ने स्टेशन मास्टर को पीटा। कर्मियों ने यात्री को पकड़कर रेल थाने को सौंपा दिया। नहीं की गई लिखित शिकायत।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। हाजीपुर रेलमार्ग पर मंगलवार को गोरौल स्टेशन पर खुदरा नहीं लौटाने पर नशे में धुत्त यात्री ने स्टेशन मास्टर की पिटाई कर दी। कर्मियों ने उसे पकड़ लिया तो हंगामा करने लगा। माहौल बिगडऩे पर रेल थानाध्यक्ष को सूचना दी गई। थानाध्यक्ष ने दल-बल के साथ पहुंचकर जायजा लिया और आरोपित को गिरफ्तार किया। स्टेशन मास्टर ने यात्री के खिलाफ कोई लिखित शिकायत नहीं की। इससे रेल पुलिस ने उसके नशे में धुत्त होने पर कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार गोरौल स्टेशन के यूटीएस काउंटर पर जनरल टिकट खरीदने के लिए नशे में यात्री पहुंचा। काउंटर पर स्टेशन मास्टर ने टिकट जारी कर उसे दिया। यात्री ने कर्मी से खुदरा वापस करने को कहा तो उन्होंने इन्कार कर दिया। इस पर वह उग्र होकर कर्मी से उलझ गया। उसने स्टेशन मास्टर की पिटाई कर दी। इससे स्टेशन मास्टर आक्रोशित हो गए।
रेल थानाध्यक्ष नंद किशोर सिंह ने कहा कि यूटीएस काउंटर पर खुदरा वापस नहीं करने पर विवाद हुआ। यात्री गोरौल निवासी मो. तनवीर नशे में धुत्त था। उसने स्टेशन मास्टर को पीट दिया। उसे गिरफ्तार किया गया। स्टेशन मास्टरों ने लिखित शिकायत नहीं की। इससे नशे में धुत्त होने पर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।