पश्चिम चंपारण : बेटी की हो रही थी विदाई, बारात में आए चोरों ने दुल्हन के पिता की उड़ा ली बाइक
Paschim champaran samachar बैरिया थाना क्षेत्र के बगही गांव से गोपालपुर थाना के नुनिअवा टोला में आई थी बारात। बारात में आए चोरों ने दुल्हन के पिता की उड़ा ली बाइक। 12 घंटे के अंदर पुलिस ने गोपालपुर थाना के घोघा चौक से चोरों को किया गिरफ्तार बाइक बरामद।
पश्चिम चंपारण, जागरण संवाददाता। एक तरफ बेटी की विदाई में गमगीन थे स्वजन। माता ,पिता व भाईयों का रो रोकर बुरा हाल था। वही बारात में आए चोरों ने दुल्हन के पिता की बाइक चोरी कर ली। हालांकि घटना के 12 घंटे के अंदर पुलिस ने बाइक के साथ चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार चोर बैरिया थाना के बगही निवासी हरिकांत चौधरी के पुत्र साहेब कुमार(21), शशिकांत पंडित के पुत्र नवीन कुमार(21)व भगरासन चौधरी के पुत्र अभय कुमार(19) है। थानाध्यक्ष राजरूप राय ने बताया कि तीनों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। घटना गोपालपुर थाना के नुनिअवा टोला की है। शनिवार की शाम बैरिया थाना के बगही से बारात गोपालपुर थाना के नुनिअवा टोला में आयी थी। जयकिशोर पंडित की बेटी की शादी थी।
रविवार की सुबह बेटी की बिदाई में सभी लोग व्यस्त थे। बारात भी वापस जा रही थी। इसी बीच बेटी के पिता की बाइक बारात में आए चोर उडा ले गए। बारात विदा होने के बाद बाइक की खोज होने लगी। कही अता पता नही चला। इसकी सूचना गोपालपुर थाने को दी गई। पुलिस पड़ताल शुरू की। इसी बीच रविवार की शाम चोरी गई बाइक गोपालपुर थाना के घोघा चौक से बरामद कर ली गई। बाइक पर तीनों चोर सवार होकर जा रहे थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि चोर बाइक की डिक्की खोल दिये है। नम्बर से भी छेडछाड कर दिया गया है।