पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ फिर छेड़ी आर्थिक जंग, इस रास्ते भेज रहा जाली नोट
पूर्वी चंपारण में 42 हजार पांच सौ के जाली नोट के साथ दो तस्कर गिरफ्तार। हाई क्वालिटी के हैं 500 सौ मूल्य के 85 जाली नोट नोट विशेषज्ञों ने बताया पाकिस्तान में हुई है इसकी छपाई। बाइक की सीट में छिपाकर ले जा रहा था।

मुजफ्फरपुर, जासं। डीआरआइ टीम ने 42 हजार पांच सौ रुपये के जाली भारतीय नोट के साथ दो तस्करों को पूर्वी चंपारण जिला के हरसिद्धि चौक के निकट से गिरफ्तार किया है। 85 की संख्या में ये नोट पांच सौ रुपये मूल्य के हैं। दोनों तस्कर सिवान के रहने वाले हैं। इनसे एक बाइक भी जब्त की गई है। इसी बाइक की सीट में छिपाकर रखे गए थे। नोट हाई क्वालिटी के हैं। विशेषज्ञों की जांच में इसकी छपाई पाकिस्तान में किए जाने की बात सामने आ रही है। जाली नोट नेपाल के वीरगंज से बाइक की सीट में छिपाकर पूर्वी चंपारण के रास्ते सिवान ले जाई जा रही थी। इसकी सटीक सूचना डीआरआइ को मिली थी। पूर्वी चंपारण जिला के हरसिद्धि में उसकी डीआरआइ ने घेराबंदी की। इसी दौरान एक बाइक से आ रहे दो युवकों को रोका गया। बाइक की डिक्की की तलाशी ली गई तो कुछ नहीं मिला। इससे डीआरआइ टीम को आश्चर्य हुआ।
सीट खोल तलाशी ली तो निकला नोटों का बंडल
डीआरआइ टीम ने जब सीट को खोलकर तलाशी ली तो उसके नीचे पांच सौ रुपये मूल्य के नोटों का बंडल निकला। बाइक व नोट जब्त कर दोनों तस्करों को मुजफ्फरपुर डीआरआइ कार्यालय लाया गया। जहां पूछताछ की जा रही है। डीआरआइ अधिकारियों ने बताया कि दोनों से पूछताछ में जाली नोट तस्करों के बड़े सिंडिकेट की जानकारी मिली है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अशोक स्तंभ के रंग, सिल्वर थ्रेड व नंबर में अंतर से पकड़ा गया
डीआरआइ के एक अधिकारी ने बताया कि बरामद जाली नोट की क्वालिटी काफी बेहतर है। यह असली नोट जैसा है। विशेषज्ञों से इन नोटों की जांच कराई गई। जांच के बाद उन्होंने इन नोटों की छपाई पाकिस्तान में कराए जाने की बात बताई है। बहुत बारीकी से देखने पर इसके जाली होने का पता चलता है। नोटों की चिकनाहट व कागज भी असली जैसा है। अशोक स्तंभ के रंग, सिल्वर थ्रेड व नंबर में अंतर से इसे पकड़ा गया।
जाली नोट मामले में एनआइए भी छानबीन में जुटी
पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि में दो तस्करों के पास से बरामद 42 हजार पांच सौ के जाली नोट मामले की छानबीन में एनआइए जुट गई है। नेपाल के रास्ते पाकिस्तान में छपी जाली नोट के देश में पहुंचाए जाने की जानकारी से एनआइए सक्रिय हुई है। जाली नोट की लगातार मिल रही खेप के पड़ोसी देश के तस्करों के सक्रिय होने व उसके स्थानीय कनेक्शन पर एनआइए की नजर है।
मुजफ्फरपुर में 11.50 व मधुबनी में पकड़े गए थे 13 लाख के जाली नोट
पिछले दिनों मुजफ्फरपुर के मोतीपुर के निकट पुलिस की विशेष टीम ने 11.50 लाख रुपये का जाली नोट बरामद किया था। ये 500, 200 व 100 रुपये मूल्य के थे। पुलिस ने जाली नोट के चार तस्करों को भी गिरफ्तार किया था। इसमें एक स्थानीय व अन्य छपरा के थे। उधर मधुबनी में ही जाली नोट के एक तस्कर को गिरफ्तार किया था। उसके पास से 13 लाख रुपये के जाली नोट बरामद किए गए थे।
Edited By Ajit Kumar