मिठनपुरा से रहस्यमय तरीके से महिला लापता, कई तरह की जताई जा रही आशंका
मामले में महिला के पिता मुशहरी माधोपुर के साकेत कुमार त्रिवेदी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दिए बयान में पति व अन्य पर मारपीट का आरोप लगाया गया है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। शहर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के बावनबीघा इलाके से एक महिला अपने ससुराल से रहस्यमय तरीके से गायब है। मामले में महिला के पिता मुशहरी माधोपुर के साकेत कुमार त्रिवेदी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दिए बयान में पति व अन्य पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताडि़त करने का आरोप लगाया गया है। बताया गया कि उनकी बेटी पल्लवी की शादी छह साल पूर्व पीयर थाना क्षेत्र में अभिषेक कुमार ठाकुर से हुई थी।
बावनबीघा में किराये के मकान में वे लोग रहते थे। इसी मकान में अभिषेक की बहन व भांजा भी रहता था। दो दिन पूर्व मायके वालों के मोबाइल पर कॉल कर ससुराल वालों ने पूछा गया कि पल्लवी आपके घर गई है क्या? कारण पूछे जाने पर सही जवाब नहीं मिलने पर उसके परिजन चिंतित हो गए। वे लोग पल्लवी के ससुराल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली, लेकिन सही जवाब नहीं दिया।
इसके बाद नाती को लेकर अपने घर लौट गए। तीसरे दिन भी अब तक महिला का कोई पता नहीं चला है। महिला का मोबाइल स्वीच ऑफ बता रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच कर महिला की सकुशल बरामदगी की कोशिश की जा रही है। मामले में पुलिस गंभीरता के साथ जांच कर रही है।