मधुबनी के क्वारंटाइन सेंटर में एक व्यक्ति की मौत, 30 अप्रैल को आया था चंडीगड़ से Madhubani News
मधुबनी के सिकटियाही मध्य विद्यालय स्थित क्वारंटाइन सेंटर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जानिए क्या थी मौत की वजह
मधुबनी, जेएनएन। प्रखंड के सिकटियाही मध्य विद्यालय क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वह 30 अप्रैल को चंडीगड़ से आया था। वहां से आने के बाद उसे पंचायत स्तरीय मवि सिकटीयाही में क्वारंटाइन सेंटर पर रखा गया था। उसकी पहचान सिकटियारी गांव के ही देव नारायण साह (55) के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि शनिवार देर शाम देवनारायण की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसे लगातार उल्टियां हो रही थीं। इसके बाद वह बेहोश होकर लुढ़क गया। इसकी सूचना चिकित्सकों को दी गई। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विजय मोहन केसरी ने क्वारंटाइन सेंटर पर पहुंचकर उसकी जांच की। इसमें उसकी मौत होने की पुष्टि की गई। मौत किस कारण से हुई इसके बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा रहा है। मगर, इस मौत से क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे लोगों में दहशत है। हालांकि, क्वारंटाइन सेंटर में उसका सैंपल लिया गया था।