मधुबनी में भूमि विवाद में फायरिंग में एक मजदूर की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
घटना लौकही अंतर्गत अंधरामठ थाना क्षेत्र के बघुआ गांव में हुई। वर्षों से जारी विवाद ने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इसी क्रम में किसी ने गोली चला दी जो मजदूर को लग गई।
मधुबनी, जेएनएन। जिले में भूमि विवाद में फायरिंग से एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि दूसरा घायल हो गया। घटना लौकही अंतर्गत अंधरामठ थाना क्षेत्र के बघुआ गांव में हुई। कथित तौर पर पूर्व के भूमि विवाद को लेकर बुधवार को दो पक्षों के बीच मामला गरमा गया और गोली चल गई । बताया जाता है कि रविंद्र साहु और उसके पड़ोसी हरे राम मंडल के बीच वर्षों से विवाद चल रहा है। बुधवार को विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इसी क्रम में किसी ने गोली चला दी जो वहां से गुजर रहे एक मजदूर के सीने में लग गई। गंभीर अवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृत मजदूर की पहचान देव कृष्ण मंडल उर्फ देव किशुन मंडल (40) के रूप में की गई है। गोली का शिकार वहां पर खड़ा एक अन्य व्यक्ति भी हो गया, जिसका इलाज फुलपरास अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है। घायल गंगा राम मंडल (35) मृतक का पड़ोसी है। थानाध्यक्ष रूपक कुमार अंबुज ने बताया कि गोली लगने से मजदूर की मौत हो गई है। वहीं उसका पड़ोसी जख्मी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है । बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों ने बताया कि देव कृष्ण अन्यत्र मजदूरी करने घर से जा रहा था तभी गोली चली और उसके सीने में जा लगी। अस्पताल ले जाने क्रम में बाजूवंद गांव के समीप उसकी मौत हो गई। वह अपने पीछे पत्नी चार पुत्र, पत्नी सहित पूरा परिवार छोड़ गया है। घटना के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया है। परिवार के सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। इस घटना को लेकर गांव एवं इलाके मे सन्नाटा पसरा हुआ है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप