Road Accident: पूर्वी चंपारण के चकिया में सड़क हादसा, एक की मौत व तीन घायल
राष्ट्रीय राजमार्ग पर चकिया थाना क्षेत्र में सोमवार की रात्रि हुई सड़क दुर्घटना हुई। इसमें एक की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। मुआवजे की मांग को लेकर राजमार्ग
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। राष्ट्रीय राजमार्ग पर चकिया थाना क्षेत्र के इमादपट्टी पेट्रॉल पंप के समीप सोमवार की रात्रि हुई सड़क दुर्घटना में एक की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को डेढ़ घंटे तक जाम कर दिया। बताया जाता है कि इमादपट्टी निवासी मो सोयब आलम का 35 वर्षीय पुत्र मो मनौवर उक्त स्थान पर अपने घर जाने के लिए सड़क पार कर रहा था।
इसी दौरान वह चकिया से मेहसी की ओर ग्लैमर बाइक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बाइक पलटने से उसपर सवार मेहसी थाना क्षेत्र के मोजहिदा निवासी स्व चंदेश्वर राय का पुत्र छोटन कुमार, प्रभु राय का पुत्र उमेश कुमार व योगेंद्र राय का पुत्र विकास कुमार घायल हो गया। इसमें विकास कुमार दुर्घटना के बाद पैदल ही भाग निकला। जबकि शेष दोनों युवकों को स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक के साथ पकड़ लिया।
दोनों का अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज किया जा रहा हैं। दुर्घटना के बाद मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने सड़क जाम कर दिया। जाम की सूचना पर सीओ राजकिशोर साह, थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर निर्मल कुमार, दारोगा धर्मेन्द्र कुमार सदलबल पहुंचे व सरकारी प्रक्रिया के अनुसार मुआवजे दिलाने के आश्वाशन के बाद जाम टूटा। पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुटी हैं।