Accident in Madhubani: मधुबनी में ट्रक की ठोकर से वृद्ध की मौत, लोगों ने किया एनएच जाम
मधुबनी के फुलपरास में एनएच 57 पर ट्रक की ठोकर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने एनएच को जाम कर दिया है।
मधुबनी, जेएनएन। फुलपरास में एनएच 57 पर अनुमंडलीय अस्पताल के सामने ट्रक की ठोकर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान फुलपरास थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर निवासी 60 वर्षीय अनुपलाल यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भागने की कोशिश कर रहा था जिसे ग्रामीणों ने लोहिया चौक के निकट पकड़ लिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। इधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने एनएच को जाम कर दिया है।
बाइक दुर्घटना में युवक की मौत
जिले के हरलाखी थाना क्षेत्र के पोतगाह-हटवरिया नहर रोड में बाइक दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। मृत युवक की पहचान कसेरा हुसैनी टोल निवासी 30 वर्षीय मो. अंसारुल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार की सुबह हरलाखी थाना के एएसआई शिवजी सिंह व एएसआई धर्मेंद्र कुमार दलबल के साथ मृतक के गांव पहुंच गए। हालांकि, ग्रामीण शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे हैं। बहरहाल, ग्रामीणों से बातचीत करने के लिए मौके पर कांग्रेस नेता शब्बीर अहमद, राजद नेता विजय मार्शल, पंचायत के मुखिया पति धर्मनाथ मंडल समेत कई जनप्रतिनिधि भी पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि बाइक के आमने-सामने ठोकर लगने से दुर्घटना हुई है।
दुर्घटना के बाद दोनों बाइक चालक घायल हो गए। घायल होने के बाद काफी देर सभी लोग बेहोश होकर वहीं गिरे थे। बाद में कुछ लोगों ने देखा तो करीब एक बजे रात में युवक को मृत अवस्था में गांव लाया गया। जबकि, अन्य घायल घटना स्थल से पहले ही जा चुके थे। हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि अन्य घायलों का भी इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित स्वजन मुआवजे की मांग कर रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम में भेजने के लिए पुलिस आवश्यक प्रक्रिया में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष प्रेम लाल पासवान ने बताया कि आवश्यक प्रक्रिया चल रही है। जांचोंपरांत न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी।