अब रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए लगेंगे एलईडी टीवी East champaran News
ट्रेन की प्रतीक्षा में बैठे यात्रियों की सुविधा के लिए लिया गया यह निर्णय। एलईडी टीवी एवं म्यूजिक सिस्टम से यात्रियों का होगा स्वस्थ मनोरंजन।
मोतिहारी, जेएनएन। रेल से सफर करने वाले यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं के दायरे को और बढ़ाया जा रहा है। ट्रेन की प्रतीक्षा में रेलवे स्टेशन पर समय बिताना अब आसान हो जाएगा। क्योंकि रेलवे द्वारा इसके लिए भी कदम उठाया जा रहा है। स्टेशन पर मनोरंजन की व्यवस्था की जा रही है।
इस व्यवस्था के तहत स्टेशन पर बड़े आकार के एलईडी टीवी एवं म्यूजिक सिस्टम लगाए जाने की योजना को स्वीकृति मिल गई है। इस कड़ी में रक्सौल स्टेशन सहित चार बड़े स्टेशनों पर टीवी के साथ म्यूजिक सिस्टम लगाए जाएंगे। अब महानगरों की तर्ज पर जल्द ही स्टेशन पर बैठे यात्रियों को टीवी स्क्रीन पर उत्पादों के प्रचार-प्रसार के साथ मनोरंजक कार्यक्रम देखने को मिलेंगे। साथ ही टीवी स्क्रीन पर रेल से संबंधित सूचानाएं भी उपलब्ध होंगी। मनोरंजन, रेल सूचनाएं एवं विज्ञापन के प्रचार के लिए जल्द ही एलसीडी टीवी लगाया जाएगा। यह सुविधा रक्सौल स्टेशन के अलावा सहरसा, जयनगर और दरभंगा स्टेशनों पर उपलब्ध कराई जा रही है। इस व्यवस्था के जरिए यात्रियों का स्वस्थ मनोरंजन हो इसके लिए मानक तय किए जाएंगे। इसके लिए रेलवे के वाणिज्य विभाग की ओर से संवेदक के चयन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
बताया गया है कि इस सेवा के शुरू हो जाने के बाद रेलवे को राजस्व में भी इजाफा होगा। इस संबंध में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक आरएस भक्त ने बताया कि रेलवे ने यात्रियों के मनोरंजन के लिए यह योजना बनाई है। वाणिज्य विभाग की ओर से यात्रियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप