Coronavirus : COVID-19 : अब नेपाल को भी कोरोना संक्रमण धीरे-धीरे अपनी जद में ले रहा, जानिए संक्रमितों की संख्या
Coronavirus COVID-19 उदयपुर जिले में 14 काठमांडू में पांच कैलाली में चार पर्सा में तीन बांगलूंग में दो चितवन में दो कंचनपुर में एक और रौतहट में एक हैं।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। नेपाल के आठ जिलों में कोरोना वायरस के 32 संक्रमित मिले हैं। इनमें उदयपुर जिले में 14, काठमांडू में पांच, कैलाली में चार, पर्सा में तीन, बांगलूंग में दो, चितवन में दो, कंचनपुर में एक और रौतहट में एक हैं। हालांकि, इलाज के बाद चार लोग स्वस्थ हो गए हैं। इसके बावजूद नेपाल के सीमावर्ती जिलों में हड़कंप मचा है। नेपाल सरकार ने प्रशासन को अलर्ट कर दिया है।
जांच के लिए 251 लोगों का स्वाब लिया
नेपाल स्वास्थ्य तथा जनसंख्या मंत्रालय के प्रवक्ता डॉ. विकास देवकोटा के मुताबिक, दो दिन पूर्व उदयपुर के भूलके क्षेत्र में नेपाली सेना ने जांच के लिए 251 लोगों का स्वाब लिया था। इसे काठमांडू भेजा गया। इनमें उदयपुर मस्जिद में रह रहे 69 लोगों के स्वाब की जांच कोसी अस्पताल में हुई। इनमें आठ के पॉजिटिव होने का शक है। उसके स्वाब को फिर बीपी कोइराला स्वास्थ्य विज्ञान प्रतिष्ठान में भेजा गया है। उदयपुर भूलके में 11 भारतीय और 2 नेपाली में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। बताया गया कि नेपाल के 75 जिलों आरडीटी विधि से 27 हजार नौ सौ 56 लोगों औऱ पीसीआर विधि से आठ हजार आठ सौ 68 लोगों की जांच हुई। इनमें 214 लोग अलग-अलग स्थानों पर आइसोलेशन में रखे गए हैं। हालांकि, अब तक किसी की मौत की सूचना नहीं है।