बिहार: नीतीश कुमार ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश में कोई विकल्प नहीं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह एनडीए प्रत्याशी नित्यानंद राय के पक्ष में चुनावी सभा को किया संबोधित। तेज धूप के बावजूद काफी संख्या में मुख्यमंत्री को सुनने के लिए लोगों की उमड़ी भीड़।
समस्तीपुर/दरभंगा, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के कार्यों से देशवासियों का सीना गर्व से चौड़ा हुआ है। आतंकवाद के खिलाफ उनकी त्वरित कार्रवाई एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यों से भारत का मान विश्व में बढ़ा है। उक्त बातें गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहीं। वे समस्तीपुर के पटोरी स्थित जननायक कर्पूरी स्टेडियम में एनडीए प्रत्याशी नित्यानंद राय के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। धर्मेंद्र कुमार राय की अध्यक्षता तथा अजय कुमार चौधरी के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बिहार को केंद्र सरकार से पर्याप्त मदद मिल रही है। इससे प्रत्येक क्षेत्र और तबके का विकास तेजी से हो रहा है।
सीएम ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऋण माफी की घोषणा से सभी किसानों को लाभ नहीं मिल सकता है। सभी किसान ऋण नहीं लेते, किंतु 6 हजार प्रतिवर्ष की आर्थिक मदद से किसानों को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सूबे की कई सड़कों को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में अपनाया है। इससे बिहार की सड़कों का विकास होगा। आवागमन सुदृढ़ होगा।
उन्होंने कहा कि गरीब, दलित, किसान और महिलाओं के लिए केंद्र सरकार द्वारा चलाई गई योजनाएं काफी बेहतर रही। प्रधानमंत्री ने गरीबों को केन्द्रित कर योजनाएं चलाई, जिसका लाभ सभी को मिल रहा है। कहा कि पीएम के कार्य से यह सिद्ध हो गया है कि प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी से देश में कोई बेहतर विकल्प नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि बरौनी के बंद कारखानों के जीर्णोद्धार का शिलान्यास कर बिहार के विकास की नींव भी रखी गई है। हम न्याय के साथ विकास के मार्ग पर चलने के लिए संकल्पित हैं। बिहार सरकार सभी वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में भी बिहार पूरे देश के पहले राज्य के रूप में स्थापित है।
सीएम ने उजियारपुर संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय के पक्ष में मतदान करने की अपील की। कार्यक्रम को स्वयं प्रत्याशी नित्यानंद राय के अलावा जदयू नेता सह पूर्व मंत्री अशोक कुमार चौधरी, जदयू नेता नागमणि, विधायक राणा गंगेश्वर प्रसाद ङ्क्षसह, विद्यासागर निषाद सहित काफी संख्या में वक्ताओं ने सभा को संबोधित किया।
मोदी ने ऊंचा किया देश का मनोबल : नीतीश
उधर प्रधानमंत्री की दरभंगा में हुई जनसभा में नीतीश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश का मनोबल ऊंचा किया है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। देश के विकास के लिए भी काम किया। गरीब महिलाओं को गैस उपलब्ध कराया। आयुष्मान योजना में गरीब परिवार को पांच लाख रुपये तक के इलाज की व्यवस्था दी। प्रधानमंत्री ने किसान सम्मन निधि की शुरुआत की। इससे सभी किसानों को फायदा मिल रहा। दूसरे लोग किसानों का कर्ज माफ कर रहे। उन्हें यह पता होना चाहिए कि क्या देश के सभी किसान कर्ज लेते हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र ने सिर्फ सड़क व पुल-पुलियों के लिए पांच वर्षों में 50 हजार करोड़ रुपये दिए। बरौनी में बंद फर्टिलाइजर कंपनी को चालू कराया। दरभंगा से अब विमान सेवा की शुरू होने जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार के बिना देश का विकास संभव नहीं, उसी तरह मिथिला के बिना बिहार का भी विकास संभव नहीं है। विमान सेवा के शुरू हो जाने से अब सीधे लोग मुंबई, दिल्ली, कर्नाटक जा सकेंगे।
नीतीश ने कहा कि प्रधानमंत्री सबका साथ सबका विकास की बात करते हैं। राज्य में 15 साल तक एक परिवार को राज करने का मौका मिला। राज्य का बजट महज 24 हजार करोड़ का था। आज दो लाख करोड़ से ज्यादा का है। केंद्र व राज्य सरकार दोनों काम कर रही। आज बिहार की विकास दर सबसे तेज है।