भारत -नेपाल सीमा पर विवादित सुस्ता में नेपालियों ने बनाई पुलिया, इलाके में तनाव, जानिए मामला... Westchamparan News
भारत -नेपाल के बीच लंबे समय से सुस्ता को लेकर चल रहा विवाद। पुलिया बनने के बाद भारतीय सुरक्षाकर्मियों की तैनाती पर सवाल।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। भारत-नेपाल सीमा पर विवादित भूभाग सुस्ता के पास दुल्हनिया नाले पर नेपाली नागरिकों ने हाल में पुलिया का निर्माण कर लिया। लेकिन, भारतीय अधिकारियों को पता भी नहीं चला। मंगलवार को मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। अंतरराष्ट्रीय सीमा विवाद से जुड़े इस मामले को लेकर तनाव है। वहां तैनात भारतीय सुरक्षाकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, एसएसबी 21 वीं बटालियन के सेनानायक राजेंद्र भारद्वाज ने कहा कि वरीय अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। एसएसबी जवान सीमा पर चौकसी बरत रहे हैं। वहीं, बगहा एसडीएम विशाल राज ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
दो साल पहले भी पुलिया बनानेे की हुई थी कोशिश
दुल्हनिया नाले पर दो वर्ष पूर्व भी नेपाली नागरिकों ने पुलिया बनाने की कोशिश की थी। लेकिन, सीमावर्ती भारतीय नागरिकों ने एकजुट होकर रोक दिया था। हालांकि, पाइप नाले में ही रह गया था। इसी पाइप पर कुछ दिन पूर्व नेपालियों ने मिट्टी डालकर पुलिया का निर्माण कर लिया।
भारतीय क्षेत्र में बढ़ा खतरा
पुलिया बनने के बाद अब नेपाल के कई गांव वाल्मीकिनगर-बगहा मुख्य पथ से जुड़ गए हैं। वहीं, वाल्मीकि टाइगर रिजर्व ( वीटीआर) के जंगल का बड़ा हिस्सा भी नेपाली अतिक्रमणकारियों के निशाने पर आ गया है। इसके अलावा नेपाली वन तस्करों की सक्रियता बढऩे की आशंका है। वाल्मीकिनगर रेंजर महेश प्रसाद ने कहा कि इस पुलिया के निर्माण से वन और वन्य जीव को नुकसान पहुंच सकता है।