बगहा में जन वितरण प्रणाली सूची से हटेगा 20 हजार उपभोक्ताओं का नाम
West Champaran बगहा और रामनगर नगर परिषद क्षेत्र के अपात्र लाभुकों की सूची अलग से होगी जारी लंबे समय से ले रहे दोहरा लाभ कई लाभुकों की हो चुकी है मौत सर्वे कार्य पूरा एक परिवार के राशनकार्ड में परिवार के अन्य सभी सदस्यों का नाम शामिल होता है।
बगहा (पचं), जासं। जन वितरण प्रणाली व्यवस्था से जुड़े बगहा अनुमंडल के 20 हजार उपभोक्ताओं का नाम हटेगा। ये उपभोक्ता या तो दोहरा लाभ उठा रहे हैं या फिर विस्थापित हो गए हैं। इनमें उन लाभुकों का नाम भी शामिल है जिनकी मौत हो चुकी है। ऐसे उपभोक्ताओं को चिन्हित करने के लिए बीते दिनों अनुमंडल के सभी सातों प्रखंडों में सर्वेक्षण अभियान चलाया गया।
इस क्रम में इन लाभुकों को चिन्हित किया गया है। एसडीएम ने संबंधित आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिन लाभुकों का नाम सूची से हटाया जाना है उनके परिवार का राशनकार्ड प्राप्त कर नया राशनकार्ड जारी किया जाए। एक परिवार के राशनकार्ड में परिवार के अन्य सभी सदस्यों का नाम शामिल होता है। किसी एक व्यक्ति के अंगूठे के निशान लेने के बाद डीलर की दुकान से सभी सदस्यों के लिए खाद्यान्न आवंटित होता है। बीते पांच वर्षों में कई परिवारों में बंटवारा हो चुका है। जबकि कई उपभोक्ता स्वर्ग सिधार गए। बंटवारे के बाद नया राशनकार्ड बनवाकर संबंधित व्यक्ति नए सिरे से खाद्यान्न का उठाव कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ पुराने राशनकार्ड पर भी खाद्यान्न मिल रहा। ऐसे उपभोक्ता दोहरा लाभ उठा रहे हैं। इसपर रोक के लिए एसडीएम के आदेश पर सर्वे अभियान चलाया गया। जिसमें बगहा एक, बगहा दो, रामनगर, मधुबनी, ठकराहां, भितहां और पिपरासी के 20 हजार उपभोक्ताओं को चिन्हित किया गया है। इन लाभुकों में बगहा और रामनगर नगर परिषद के उपभोक्ता शामिल नहीं हैं।
शहरी क्षेत्र में सर्वेक्षण के लिए विशेष अभियान शीघ्र
बगहा और रामनगर शहरी क्षेत्र में ऐसे अपात्र उपभोक्ताओं को चिन्हित करने के लिए जल्द ही अभियान शुरू होगा। एसडीएम ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वार्ड स्तर पर अभियान चलाकर सर्वे कार्य को पूरा किया जाए। ताकि अपात्र उपभोक्ताओं का नाम सूची से हटाया जा सके। मार्च तक शहरी क्षेत्र में सर्वे कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
- अनुमंडल के अपात्र लाभुकों का नाम सूची से हटाया जाएगा। उनके बदले पात्र उपभोक्ताओं को जन वितरण प्रणाली व्यवस्था का लाभ दिया जाएगा। सभी सातों प्रखंडों से 20 हजार अपात्र चिन्हित किए जा चुके हैं। शहरी क्षेत्र में जल्द ही अभियान शुरू होगा। - दीपक कुमार मिश्रा, एसडीएम, बगहा।