आज कैसा रहेगा मुजफ्फरपुर का मौसम? और होगी बारिश या निकलेगी धूप, जानें
Current Temperature of Muzaffarpur मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटे में मौसम साफ होने की संभावना है। बताया गया कि पश्चिमी विक्षोभ की पूर्ण सक्रियता के कारण मौसम में बदलाव आया है। जो गुरुवार की शाम से ठीक हो जाएगा।
मुजफ्फरपुर, जासं। जिला समेत पूरे उत्तर बिहार में बुधवार को हल्की से लेकर मध्यम बारिश हुई। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। कहीं-कहीं ओले भी गिरे हैं। इसके बाद से लोगों की चिंता आज के मौसम को लेकर है। क्या आज भी बारिश होगी या फिर धूप निकलेगी? इस बारे में मौसम विभाग ने स्थिति साफ कर दी है। उसका कहना है कि बुधवार वाली स्थिति पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हुई है। आज यानी गुरुवार से इसका प्रभाव कम हो जाएगा। उसी अनुपात में मौसम सामान्य होता चला जाएगा। तात्पर्य यह कि बारिश से मुक्ति मिल जाएगी, लेकिन ठंड में अभी कोई कमी नहीं होने जा रही है। इसलिए ठंड से बचाव के उपाय अभी जारी रखने हैं। अभी खबर लिखते समय तापमान 14 डिग्री के करीब है।
डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा ( समस्तीपुर) के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटे में मौसम साफ होने की संभावना है। बताया गया कि पश्चिमी विक्षोभ की पूर्ण सक्रियता के कारण मौसम में बदलाव आया है। जो गुरुवार की शाम से ठीक हो जाएगा। हालांकि, दिन और रात में ठंड बढ़ेगी। मौसम विज्ञानी डा. गुलाब सिंह ने बताया कि अधिकतम तापमान 18 से 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। पछिया हवा चलने से कनकनी वाली ठंड पड़ेगी। बुधवार का अधिकतम तापमान 19.4 और न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। वहीं 11 किलोमीटर की रफ्तार से पुरबा हवा चली। विभाग ने 7.9 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड किया है।
दिनभर धूप नहीं खिलने से लोग परेशान रहे। तेज बारिश, ओलावृष्टि और ठंडी हवा से कनकनी बढ़ गई। लोग घरों में दुबके रहे। शाम ढलते ही मौसम और सर्द हो गया। समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर प्रखंड क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इससे तंबाकू, फूलगोभी, आलू और तेलहनी फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। अन्य जिलों में भी तेज हवा के बारिश की सूचना है। कई स्थानों पर जलजमाव हो गया।