क्या फिर से कंपकंपाएगी ठंड? जानें, मुजफ्फरपुर के मौसम का हाल
Today Muzaffarpur Weather News Update अधिकतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पछिया हवा चलने के कारण ठंड में वृद्धि हो सकती है।
मुजफ्फरपुर / समस्तीपुर, जासं। जिला समेत पूरे उत्तर बिहार में अब फिर से ठंड बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में फिर से पछिया हवा चलने और इसके प्रभाव से ठंड बढ़ने की बात कही है। हालांकि अभी आसमान में बादल भी छाए रहेंगे। उसके बाद की अवधि में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 27 जनवरी से मौसम साफ रहने का अनुमान है। उक्त जानकारी डा. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम वैज्ञानिक डा. ए सत्तार ने दी। बताया कि अगले 30 जनवरी तक अधिकतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पछिया हवा चलने के कारण ठंड में वृद्धि हो सकती है। पूर्वानुमान की अवधि में औसतन 7 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पुरवा हवा चलने की संभावना है। रात्रि एवं सुबह में हल्के से मध्यम कुहासे छा सकते हैं। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 70 से 80 प्रतिशत तथा दोपहर में 40 से 50 प्रतिशत रहने की संभावना है। इसलिए अभी लापरवाह होने की जरूरत नहीं है। सावधानी के साथ ही सभी काम को करना है।
मौसमीय वेधशाला पूसा के आकलन के अनुसार पिछले तीन दिनों का ओैसत अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमशः 21.0 एवं 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा। औसत सापेक्ष आर्द्रता 92 प्रतिशत सुबह में एवं दोपहर में 69 प्रतिशत, हवा की औसत गति 2.1 किलोमीटर प्रति घंटा एवं दैनिक वाष्पण 0.9 मिलीमीटर तथा सूर्य प्रकाश अवधि औसतन 1.7 घंटा प्रति दिन रिकार्ड किया गया। इसके अलावा पांच सेंटीमीटर की गहराई पर भूमि का औसत तापमान सुबह में 15.0 एवं दोपहर में 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इस अवधि में मौसम शुष्क रहा। मौसम विज्ञानी ने किसानों से फसलों में इस समय सिंचाई स्थगित रखने और ओल एवं हल्दी की खुदाई सावधानीपूर्वक करने की अपील की है।