Muzaffarpur Weather Forecast : मौसम साफ रहेगा, धूप निकलने की भी संभावना
Muzaffarpur Weather Forecast इस तिथि को आमतौर पर रहने वाले अधिकतम तापमान से पांच डिग्री सेल्सियस की कमी। दोपहर में धूप निकली लेकिन ठंड से राहत नहीं। इस तिथि को आमतौर पर रहने वाले अधिकतम तापमान से यह पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा।
मुजफ्फरपुर, जागरण संवाददाता। Muzaffarpur Weather Forecast : ठंड का असर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार की सुबह भी घना कुहासा छाया रहा। दोपहर में धूप निकली, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिली। कनकनी का असर बरकरार ही रहा। न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 17.0 डिग्री सेल्सियस के बीच सर्दी का सितम जारी रहा। इस तिथि को आमतौर पर रहने वाले अधिकतम तापमान से यह पांच डिग्री सेल्सियस कम रहाा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. ए सत्तार के मुताबिक मंगलवार की सुबह घना कुहासा छाया रहेगा। हालांकि दिन में मौसम साफ रहेगा और उस दौरान धूप निकलने की भी संभावना है। उसके बाद तीन दिनों तक कुहासा कम रहेगा। पछिया हवा की रफ्तार आठ से 12 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। तापमान में बढ़ोत्तरी होगी।
कुहासा व ठंड से परेशानी
ठंड के कारण लोग ठिठुरते नजर आए। धुंध के कारण मुख्य मार्गों पर सुबह वाहनों की रफ्तार धीमी रही। दोपहर बाद कोहरा कम होने के बाद आसमान साफ हुआ और धूप निकली। लेकिन, शीतलहर का प्रकोप कम नहीं हुआ। बर्फीली हवा ने लोगों को घर में रहने को मजबूर किया। ठंड पर काबू पाने के लिए लोग जगह जगह अलाव जलाते रहे। ठंड का असर घर दफ्तरों व संस्थानों पर भी नजर आया। कड़कडा़ती ठंड से बचने के लिए आम हो या खास अपने अपने हिसाब से बचने के उपाय करते नजर आए। घर व दफ्तरों में हीटर ठंड से बचने का सहारा बना। सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सीके दास ने लोगों को सलाह दी है कि अपनी सेहत पर ध्यान दें। छोटे बच्चों व बुजुर्गों को परेशानी ज्यादा है। घर से जब भी निकलें गर्म कपड़े शरीर पर रहने चाहिए। गर्म पानी का सेवन करें। बासी भोजन नहीं करना चाहिए।