Muzaffarpur Weather Forecast : जिला समेत पूरे उत्तर बिहार में अगले तीन दिनों तक होगी हल्की वर्षा
Muzaffarpur Weather Forecast उत्तर बिहार के अधिकांश स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। 29-30 जून को कई स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 28 से 33 और न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मुजफ्फरपुर, जासं। उत्तर बिहार में अगले तीन दिनों तक अधिकांश स्थानों पर हल्की वर्षा होगी। जबकि, कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा भी हो सकती है। यह कहना है डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि, पूसा के मौसम विभाग का। विभाग ने शुक्रवार को 30 जून तक के लिए मौसम पूर्वानुमान जारी किया है।
मौसम विज्ञानी डॉ. ए.सत्तार ने कहा कि पूर्वानुमानित अवधि में अगले तीन दिनों तक उत्तर बिहार के अधिकांश स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। 29-30 जून को कई स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 28 से 33 और न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सापेक्ष आद्र्रता सुबह में 70 से 80 फीसद और दोपहर में 40 से 50 फीसद रहने की संभावना है। इस दौरान मुख्यत: पुरबा हवा औसतन 9 से 12 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है। शुक्रवार का अधिकतम तापमान 31.8 और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
किसानों के लिए सुझाव : धान की रोपाई के लिए खेतों में वर्षा जल का संग्रह जरूरी है। इसके लिए मेड़ों को मजबूत करें। जो किसान धान का बिचड़ा अब तक नहीं गिरा सके, वे नर्सरी में जल्द यह कार्य पूरा करें। धान की अगात किस्में- प्रभात, धनलक्ष्मी, रिछारिया, साकेत-4, राजेंद्र भगवती, राजेंद्र नीलम और मध्यम अवधि की किस्में - संतोष, सीता, सरोज, राजेंद्र सुवासनी, राजेंद्र कस्तूरी, कामिनी, सुगंधा उत्तर बिहार के लिए अनुशंसित है। 10 से 12 दिनों के बिचड़े वाली नर्सरी से खर-पतवार निकालें।
मुजफ्फरपुर के आसमान मे बादल छाए रहेंगे। रुक रुक कर कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं दरभंगा जिले में शनिवार की सुबह से ही तेज बारिश हो रही है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। मौसम में नमी है। शिवहर जिले में शुक्रवार की आधी रात से लगातार बारिश जारी है। आसमान बादलों से पटा हैं वहीं तेज हवा भी बह रही है।