Move to Jagran APP

BIHAR POLITICS: उपेंद्र कुशवाहा के बाद आरसीपी का मुजफ्फरपुर में शक्ति प्रदर्शन! पूछ रहे कार्यकर्ता- जदयू की राजनीति किस राह पर

जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने संगठन में किसी भी तरह के बदलाव के सवाल पर साध ली चुप्पी। बिना कुछ कहे अपनी ओर से गठित प्रकोष्ठ की ताकत का किया प्रदर्शन। समता पार्टी काल के कार्यकर्ताओं ने किया किनारा।

By Ajit KumarEdited By: Published: Fri, 03 Sep 2021 06:48 AM (IST)Updated: Fri, 03 Sep 2021 09:00 AM (IST)
BIHAR POLITICS: उपेंद्र कुशवाहा के बाद आरसीपी का मुजफ्फरपुर में शक्ति प्रदर्शन! पूछ रहे कार्यकर्ता- जदयू की राजनीति किस राह पर
मुजफ्फरपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री का प्रकोष्ठ के नेताओं ने किया जोरदार स्वागत। फोटो- जागरण

मुजफ्फरपुर, [अमरेन्द्र तिवारी]। सीएम नीतीश कुमार की पार्टी के अंदर की राजनीति भी क्या खूब है? सस्पेंस तो खत्म होने का नाम ही ले रहा। इसके केंद्र में है मुजफ्फरपुर। अभी बिहार यात्रा के क्रम में यहां आए जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा से जुड़ा मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि आभार यात्रा पर केन्द्रीय इस्पात मंत्री व जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह पहुंच गए। बात यहीं तक नहीं है। आरसीपी सिंह ने भी उन्हीं मार्गों का चयन अपनी आभार यात्रा के लिए किया, जिन मार्गों से उपेंद्र कुशवाहा का काफिला गुजरा था। इसके बाद तो मुजफ्फरपुर के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। यहां के कार्यकर्ता भी अब पूछने लगे हैं कि जदयू की राजनीति किस राह पर जा रही है? 

loksabha election banner

दरअसल जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा अपनी बिहार यात्रा के दौरान मुजफ्फरपुर में जिन रास्तों से गुजरे करीब-करीब उन्हीं रूट पर इस्पात मंत्री का भी रोड शो हुआ। यह महज संयोग था या...। देखने से तो लग रहा कि उपेंद्र कुशवाहा की लकीर के बराबर में आरसीपी सिंह की लकीर। हालांकि पूरे आयोजन के दौरान आरसीपी मीडिया के सवालों से बचते रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने जो प्रकोष्ठ बनाए थे उसने अपनी शक्ति का खूब प्रदर्शन किया। हालांकि हाल में संपन्न जदयू संसदीय बोर्ड अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा की यात्रा के दौरान उनके साथ दिखे कई प्रमुख चेहरे इस यात्रा से अलग रहे।

जल्दबाजी में हुई यात्रा के निहितार्थ तलाश रहे प्रेक्षक

कांटी विधानसभा के नेता सौरभ साहेब ने कहा कि जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा की हाल में हुई यात्रा के बाद केन्द्रीय मंत्री की यात्रा जल्दबाजी में हुई। अच्छा तो यह होता कि वे पश्चिम चंपारण के कुमारबाग में चल रहे इस्पात उद्योग का निरीक्षण करते व उसके विस्तार के लिए कोई घोषणा करते। इससे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतूृत्व में चल रहे विकास के काम को गति मिलती। कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्द्धन होता। साहेब ने कहा कि जदयू में एक ही गुट है, नीतीश गुट। उनकी राह पर ही सारे पुराने व युवा कार्यकर्ता चल रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर जो बदलाव हुआ है उसका असर आने वाले दिनों में यहां भी दिखेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सपना है कि जदयू को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिले, वह सपना पूरा होगा। इसके लिए सारे कार्यकर्ता उत्साह व उम्मीद के साथ संगठन के काम में जुट गए हैं।

संगठन ही ताकत का दे गए मूल मंत्र

कार्यकर्ताओं से मिलते हुए आरसीपी ने कहा कि संगठन की ताकत बड़ी होती है। एकजुटता बनाए रखें। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ रहा है। जदयू के संगठन विवाद व उनके विभाग की ओर से चल रहे विकास काम व यात्रा के उद्​देश्य पर बोलने से कतराते रहे। फकुली सीमा पर प्रवेश करने से लेकर अंतिम स्वागत समारोह जदयू नेता ठाकुर हरिकिशोर सिंह के बीबीगंज आवास पर हुआ। यहां पर ठाकुर हरिकिशोर सिंह ने तलवार व कलम, पूर्व महिला जिलाध्यक्ष राशि खत्री ने बाबा गरीबनाथ का मामेंटो, पार्टी के सचिव रंजीत सहनी, पूर्व कोषाध्यक्ष मनोज टिकरेवाल ने चांदी का मुकुट व अंगवस्त्र देकर उनका अभिनंदन किया। जिलाध्यक्ष मनोज कुमार किसान व अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उत्तर बिहार के अध्यक्ष मो.जमाल ने कांटी पुराना चौक पर सोना का मुकुट देकर सम्मानित किया। इससे पहले जिले की सीमा में प्रवेश करने के साथ ही जिला अध्यक्ष मनोज कुमार किसान, पूर्व मंत्री मनोज कुशवाहा, पूर्व विधान पार्षद दिनेश प्रसाद सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। मीनापुर में जदयू नेता पंकज किशोर पप्पू ने जदयू के पुराने कार्यालय परिसर में पौधरोपण कराया।

भीड जुटाने को जारी हुआ फरमान

केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह की आभार यात्रा में कार्यकर्ताओं के शामिल होने के लिए जदयू तकनीकी प्रकोष्ठ ने फरमान जारी किया था। प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शंकर कुमार सिंह की ओर से पत्र जारी कर कहा गया था कि जो भी कार्यकर्ता यात्रा में शामिल नहीं होंगे उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। सिंह ने कहा कि प्रकोष्ठ के सभी कार्यकर्ता पार्टी नेता के आगमन पर मौजूद रहें। इसलिए सख्ती बरती गई। इसके कोई और मायने नहीं है। प्रदेश की ओर से दिए गए कार्यक्रम को सफल बनाने के उदेश्य से पत्र जारी किया गया। इसका दूसरा राजनीतिक अर्थ न निकाला जाए।

इनकी रही भागीदारी

जगह-जगह स्वागत में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। जदयू जिलाध्यक्ष मनोज कुमार किसान ,जनता दल यू अल्संख्यक प्रकोष्ठ के उत्तर बिहार के अध्यक्ष मोहम्मद जमाल, सेवादल के उत्तर बिहार के अध्यक्ष सर्वजीत कुमार पप्पू कुशवाहा के नेतृत्व में जगह-जगह स्वागत। रामदयालु में जनता दल यू के प्रदेश सचिव रंजीत साहनी ने उनकी अागवानी की। इसमें मुख्य रूप से प्रोफेसर शब्बीर अहमद, नरेंद्र पटेल, गोपाल शाही ,अखिलेश सिंह, सविता शाही उर्फ पिंकी शाही, इरशाद हुसैन गुड्डू,अमरनाथ चंद्रवंशी ठाकुर हरि किशोर सिंह अशोक झा अजय चौधरी रामललाठाकुर, प्रो.संगीता, सबिता जायसवाल, रीतेश रंजन, सुनील कुमार, शाहिद भारती, मो.अंजार, कारी साहू,चंदन पाण्डेय, उज्वल गुप्ता, युवा जदयू के मुख्य प्रवक्ता कुंदन शांडिल्य, दलित प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष कृष कुमार, युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष भारतेंदु सिंह, जानकी श्रीवास्तव, किरण देवी महतो, गोपाल शाही, चन्द्रिका साहू आदि मुख्य रूप से शामिल रहे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.