Muzaffarpur Nagar Nigam: मुजफ्फरपुर नगर निगम क्षेत्र के विस्तार को इस वजह से नहीं मिल सका मुकाम
प्रस्ताव में कांटी एवं मुशहरी प्रखंड के 42 गांवों को जोड़ा गया था। जून 2008 में सरकार ने निगम बोर्ड से विस्तार के प्रस्ताव को पारित कराकर भेजने को कहा गया था। इसकी वजह से लोग जरूरी सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। मुजफ्फरपुर नगर निगम क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके शहरी स्वरुप ले चुके है। यहां रहने वाले नागरिक निगम क्षेत्र की सुविधाओं का उपयोग कर रहे है। लेकिन, निगम को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। इन इलाकों को निगम के दायरे में लाने के लिए वर्ष 2006 में सरकार के निर्देश पर प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था। देखते-देखते 14 साल बीत गए लेकिन निगम क्षेत्र के विस्तार का यह प्रस्ताव साकार नहीं हो पाया। प्रस्ताव में कांटी एवं मुशहरी प्रखंड के 42 गांवों को जोड़ा गया था। जून 2008 में सरकार ने निगम बोर्ड से विस्तार के प्रस्ताव को पारित कराकर भेजने को कहा गया था। सरकार के निर्देश के आलोक में जुलाई 2008 में निगम सशक्त स्थायी समिति एवं निगम बोर्ड ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर सरकार को भेज दिया था। अप्रैल 2010 में सरकार ने पत्र भेजकर आपत्तियों पर निगम से प्रतिवेदन मांगा। इस पर भी अमल कर निगम ने एक बार फिर प्रस्ताव को सरकार के पास भेज दिया था।
प्रस्ताव सरकार की फाइलों में बंद
तब से यह प्रस्ताव सरकार की फाइलों में बंद है और निगम को इसके लाभ से वंचित होना पड़ रहा है। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है तो निगम का वर्तमान क्षेत्रफल 32.31 वर्ग किमी से बढ़कर 53.26 वर्ग किमी एवं आबादी वर्ग 2011 की जनगणना के आधार पर 3.05 लाख से बढ़कर 4.2 लाख हो जाएगी। इससे निगम के आय में भारी इजाफा होगा। साथ ही आबादी एवं क्षेत्रफल के आधार पर निगमों को दी जानी वाली सरकारी मदद भी बढ़ेगी।
इन इलाकों को निगम क्षेत्र में शामिल करना है -
विस्तार के प्रस्ताव में कांटी एवं मुशरही अंचल के 42 गांवों से 20.945 वर्ग किमी क्षेत्र एवं 97 हजार की आबादी निगम क्षेत्र में जोड़ा जाना है।
कांटी अंचल के इलाके इस प्रकार हैै : दादर कोल्हुआ, पैगम्बरपुर कोल्हुआ, सदातपुर, बैरिया, दामोदरपुर, चकमुरमुर, फतेहपुर, मुरादपुर, चैनपुर
मुशहरी अंचल के इलाके इस प्रकार हैंं : सिकंदरपुर, चकगाजी, सहबाजपुर सलेम, मुरादपुर दुल्लाह, अहियापुर, गणेशपुर, शेखपुर, नाजीरपुर, चंदवारा, चकमोहब्बत, बारा जगन्नाथ, राघोपुर, मझौली धर्मदाश, शेखपुर उर्फ नारायणपुर अनंत, शेरपुर, रतवारा, गन्नीपुर, मोहम्मदपुर काजी एवं भिखनपुर डीह
महापौर सुरेश कुमार ने कहा कि नगर निगम के क्षेत्र विस्तार का प्रस्ताव सरकार के पास लंबित है। वर्ष 2008 में नगर निगम सशक्त स्थायी समिति एवं बोर्ड इसे पारित कर चुकी है। अब सरकार को फैसला करना है। क्षेत्र विस्तार से निगम को लाभ मिलेगा।