Muzaffarpur News: निगम बोर्ड ने पारित किया 30.73 करोड़ लाभ का वार्षिक बजट
मुजफ्फरपुर नगर निगम बोर्ड की वर्चुअल बैठक में चालू वित्तीय वर्ष के चार माह बीतने के बाद नगर निगम बोर्ड ने अपना सालाना बजट पारित किया। यह 30.73 करोड़ लाभ का है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। लंबे अंतराल के बाद गुरुवार को नगर निगम बोर्ड की वर्चुअल बैठक हुई। चालू वित्तीय वर्ष के चार माह बीतने के बाद नगर निगम बोर्ड ने अपना सालाना बजट पारित किया। यह 30.73 करोड़ लाभ का है। बजट में जहां अनुमानित आय 591.30 करोड़ दिखाई गई है। वहीं अनुमानित व्यय 560.57 करोड़ का बताया गया है। निगम ने लगातार पांचवें वर्ष लाभ का बजट पारित किया है। पिछले वित्तीय वर्ष में निगम ने 1.73 करोड़ लाभ का बजट पेश किया था।
निगम सशक्त स्थायी समिति ने इस बजट को 21 मार्च को ही पारित कर दिया था। लेकिन, कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर हुए लॉकडाउन से बोर्ड की बैठक नहीं हो पाई थी। इससे निगम की गाड़ी बिना बजट के चल रही थी।
जलजमाव व गंदगी से निपटने को होगी उपकरणों की खरीद
जलजमाव एवं गंदगी से निपटने को नगर निगम बड़े पैमाने पर उपकरणों की खरीद करेगा। इसके लिए बैठक में सहमति दी गई है। सरकार इसके लिए राशि मुहैया कराने को तैयार है। बैठक में आठ जेसीबी, दो पॉकलेन, 30 गार्बेज टिपर, 10 बॉब कट, 49 फाङ्क्षगग मशीन, दो काऊ कैचर की खरीद को मंजूरी दी गई है। वहीं, शहर के सभी वार्डो को एक-एक ट्रैक्टर व टेलर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
अधिकारियों की कार्यशैली पर उठाए सवाल
पहले वार्ड के पार्षद जावेद अख्तर गुड्डू और उसके बाद वार्ड 28 के पार्षद राजीव कुमार के बीच जमकर बहस हुई। राजीव कुमार पंकू के साथ हुई बहस एक-दूसरे को देख लेने तक के स्तर पर पहुंच गई। वहीं बैठक में वार्ड पार्षदों ने जलजमाव, गंदगी व विकास बाधित होने के लिए नगर आयुक्त मनेश कुमार मीणा एवं निगम के अन्य अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर जमकर सवाल उठाए। बैठक में शहर की दुर्दशा एवं निगम की विफलता को लेकर नगर विकास एवं आवास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा और वार्ड पार्षदों के बीच कई बार तकरार हुई।
जलजमाव, गंदगी व विकास कार्य नहीं होने की पार्षदों ने कीं शिकायतें
महापौर सुरेश कुमार की अध्यक्षता में छह घंटे चली बैठक का अधिकतर समय समस्याओं के निदान की जगह उन्हें गिनाने में ही बीत गया। बीच-बीच में पार्षदों हंसी-ठिठोली भी की। महिला पार्षदों की जगह उनके पति ने बहस की। वार्ड 20 के पार्षद संजय कुमार केजरीवाल ने कोरोना संकट को देखते हुए शहरवासियों को 30 जून तक प्रॉपर्टी टैैक्स जमा करने पर मिलने वाली पांच फीसद छूट की समय सीमा बढ़ाकर 31 अगस्त करने का प्रस्ताव रखा। इसे उपमहापौर मानमर्दन शुक्ला समेत अन्य सदस्यों का समर्थन मिला।
नगर आयुक्त ने बोर्ड के इस निर्णय पर सरकार से मार्गदर्शन लेने की बात कही। वहीं उपमहापौर ने वर्तमान हालात से निपटने के लिए कम से कम महापौर, उपमहापौर व अधिकारियों के बीच लगातार संवाद करने की जरूरत पर बल दिया। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात कही। इसके अलाव अधिकतर सदस्यों ने मुख्य रूप से जलजमाव, गंदगी व विकास कार्य नहीं होने की शिकायतें कीं। बैठक में मंत्री एवं महापौर के अलावा उपमहापौर, नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त समेत अधिकतर पार्षदों ने भाग लिया।