एसकेएमसीएच में एंबुलेंस चालक की मौत, सहयोगियों ने जताया आक्रोश
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कमलेश कुमार ने आरोप लगाया कि इलाज के क्रम में कई बार ऑक्सीजन नहीं मिली। मंगलवार रात भी उन्हें तीन घंटे तक ऑक्सीजन नहीं मिली जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। एंबुलेंस चालक के निधन पर शोक जताते हुए आश्रितों को मुआवजा देने की मांग की गई।
मुजफ्फरपुर, जासं। माड़ीपुर निवासी एंबुलेंस चालक संतोष (45) की एसकेएमसीएच के कोरोना वार्ड में बुधवार की सुबह मौत हो गई। एंबुलेंस चालक एसोसिएशन ने संतोष की मौत पर गहरा आक्रोश जताया है। कहा है कि इलाज में लापरवाही और ठीक से ऑक्सीजन नहीं मिलने से उसकी जान गई है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कमलेश कुमार ने आरोप लगाया कि इलाज के क्रम में कई बार ऑक्सीजन नहीं मिली। मंगलवार रात भी उन्हें तीन घंटे तक ऑक्सीजन नहीं मिली जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसकी सूचना बार-बार कंट्रोल रूम को दी गई लेकिन कोई सुनने वाला नहीं था।
इधर सदर अस्पताल में एंबुलेंस चालकों की बैठक हुई जिसमें एंबुलेंस चालक के निधन पर शोक जताते हुए आश्रितों को मुआवजा देने की मांग की गई। घटना की जानकारी सिविल सर्जन डॉ एसके चौधरी को दी। सिविल सर्जन ने पीडि़त परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। एंबुलेंस चालक मृत्युंजय कुमार, विश्वजीत कुमार, रोहित कुमार, आलोक कुमार, मो.मुस्लिम आदि ने शोक जताते हुए इसको अपूरणीय क्षति बताया।
मरीज को अस्पताल पहुंचाने के दौरान हुए पॉजिटिव
जानकारी के अनुसार, वह कोरोना मरीजों को होम आइसोलेशन से ग्लोकल और वहां से एसकेएमसीएच पहुंचाने का काम लगातार कर रहा था। जिस दिन उसकी तबीयत बिगड़ी उस दिन भी दो मरीजों को अस्पताल पहुंचा कर आया था। इस बीच संतोष की मौत पर सांसद अजय निषाद ने गहरी शोक संवेदना प्रकट की है।
पूर्व मुखिया के निधन पर शोक
मड़वन (मुजफ्फरपुर): प्रखंड की भटौना पंचायत के पूर्व मुखिया 80 वर्षीय युगल किशोर सिंह का बुधवार को निधन हो गया। वे कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। वे अपने पीछे तीन पुत्रों का भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इनके निधन पर पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार, पूर्व पंसस परशुराम झा ,पूर्व मुखिया रामनरेश प्रसाद सिंह, प्रमोद कुमार, संजय ठाकुर, अनिल सिंह, मो शमीम, नागेंद्र गिरि, सत्येंद्र कुमार चुन्नू, लखेंद्र कुमार, सुरेश पासवान, सुनीता कुमारी, चंचल कुमारी, पुतुल कुमारी, सुरेश कुमार, मनोज कुमार, अरुण कुमार आदि ने शोक संवेदना व्यक्त की।