पूर्वी चंपारण के पीपरा में राजद विधायक के ममेरे भाई की हत्या, घटना के पीछे यह थी वजह
रेलवे ट्रैक के किनारे मिला शव। तेज हथियार से काटे गए थे पैर। सिर और बाजू पर भी मिले गहरे जख्म के निशान। स्वजनों और ग्रामीणों ने शव को दरवाजे पर रखकर जताया आक्रोश।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। जिला अंतर्गत पीपरा थाना क्षेत्र के महुआवा गांव में बदमाशों ने एक युवक की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक के किनारे फेंक दिया। उसकी पहचान हरसिद्धि के राजद विधायक राजेंद्र कुमार राम के ममेरे भाई राकेश रौशन उर्फ कन्हाई कुमार (25) के रूप में हुई। वह स्थानीय निवासी था। उसके दोनों पैरों को धारदार हथियार से काट दिया गया था। सिर और बाजू पर भी गहरे जख्म के निशान थे।
रेल ट्रैक से शव बरामद किया
पुलिस ने शुक्रवार को पीपरा स्टेशन के दामोदरपुर फाटक के पास रेल ट्रैक से शव बरामद किया। इसके बाद स्वजन और ग्रामीण शव को दरवाजे पर रख दिया। वे एसपी को बुलाने की मांग कर रहे थे। युवक के बड़े भाई राजू राम के मुताबिक, गुरुवार रात 9 बजे कन्हाई ने फोन पर बताया कि वह पीपरा थाने में है। पुलिस ने उसकी बाइक पकड़ ली और मोल जोल कर रही है। फिर उसका फोन बंद मिलने लगा। सुबह में शव फेंकने की सूचना मिली। इस बीच वहां पहुंचे राजद विधायक राजेंद्र राम ने पीडि़त रिश्तेदारों से घटना की जानकारी ली।
पूर्व विधायक ने आक्रोशितों को समझाया
फिर मामले से एसपी को अवगत कराया। इसी दौरान वहां पहुंचे एएसपी शैशव यादव, डीएसपी शैलेंद्र कुमार, नरकटिया विधायक डॉ. शमीम अहमद, पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण यादव ने आक्रोशितों को समझाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एएसपी ने बताया कि घटना की निष्पक्ष जांचकर दोषियों की गिरफ्तारी होगी। पुलिस मृत युवक के साथी मनीष की तलाश में जुटी थी। उसका फोन बंद मिल रहा था। वहीं, थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि गुरुवार शाम पुलिस वाहन चेङ्क्षकग कर रही थी। इस दौरान कन्हाई और एक अन्य युवक सड़क पर झगड़ रहे थे। पुलिस को देख दोनों बाइक छोड़कर भाग निकले।
पुलिस की भूमिका पर संदेह जताया
विधायक राजेंद्र कुमार राम ने पुलिस की भूमिका पर संदेह जताया। उन्होंने कहा कि जिसकी बाइक पुलिस के कब्जे में हो और उसका शव सुबह में मिला। इससे सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष कारी सोहैब, मनोज यादव, पप्पू साहनी, संजय केजरीवाल, शंभू प्रसाद गुप्ता, सुबोध यादव आदि ने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।