पश्चिम चंपारण में दुल्हन की तरह सजी-संवरी महिला की हत्या, जानें घटना की वजह
शिकारपुर थाना क्षेत्र के इमलिया जमुनिया गांव के एक बगीचे में मिली लाश। उसके बाएं हाथ पर बने टैटू में कमलावती नाम अंकित है।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। शिकारपुर थाना क्षेत्र के इमिलिया जमुनिया गांव के पास सड़क के किनारे एक बगीचे में 30 वर्षीय महिला की लाश मिली है। वह दुल्हन की तरह सजी-संवरी है। हालांकि खून से लथपथ उस महिला के शरीर पर कई जख्म हैं। उसके बाएं हाथ पर बने टैटू में कमलावती नाम अंकित है। हत्यारों ने मुख्य पथ से गांव में जाने वाली पक्की सड़क से सटे उसकी हत्या की है।
घटनास्थल पर उसका स्टॉल पड़ा हुआ था। चूड़ियां टूटी हुई थीं और सड़क से करीब 20 मीटर दूर बागीचा तक जगह-जगह खून के धब्बे पाए गए हैं। उसे घसीटा गया है। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस पहुंची है। अभी मृत महिला की पहचान नहीं हुई है। ऐसा प्रतीत होता है कि महिला को बहला-फुसलाकर सुनसान स्थल पर लाया गया और उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की पहचान कराने की कोशिश हो रही है।