निगमकर्मियों की हड़ताल अवैध, काम पर नहीं लौटने पर होगी कार्रवाई Muzaffarpur News
नगर आयुक्त ने दैनिक मजदूरों को रखकर साफ-सफाई कराने का दिया आदेश। समझौता के बाद भी हड़ताल जारी रखना दुर्भाग्यपूर्ण नगर आयुक्त नाराज।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। नगर आयुक्त मनेश कुमार मीणा ने निगमकर्मियों की हड़ताल को अवैध करार देते हुए उनसे काम पर लौटने को कहा है। ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। नगर आयुक्त ने आदेश जारी कर कहा है कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर पांच सितंबर को ही नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुरेश कुमार शर्मा एवं प्रधान सचिव तथा आंदोलन का नेतृत्व कर रहे कर्मचारी संघों के प्रतिनिधियों की बैठक में समझौता हो चुका है। इसकी कार्यवाही भी जारी हो चुकी है। बावजूद कर्मचारी हड़ताल पर हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। हड़ताल के करण शहर की सफाई बाधित है। बड़े पैमाने पर कूड़े का अंबार लगा है। महामारी फैलने की आशंका है। उन्होंने समझौता होने के बावजूद निगमकर्मियों के हड़ताल पर बने रहने को वैद्य नहीं माना है। हड़ताल को अवैध मानते हुए हड़ताली कर्मियों से अविलंब आपना योगदान देने को कहा है। ऐसा नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी है।
नगर आयुक्त ने अपने आदेश में सिटी मैनेजर, सफाई प्रभारी एवं सभी सफाई निरीक्षकों को आदेश दिया है कि अविलंब कूड़ा उठाव का काम शुरू कराए। जो लोग हड़ताल पर नहीं हैं, उनकी सेवा लेना सुनिश्चित करें। यदि मजदूरों का अभाव है तो दैनिक मजदूरी पर बाहरी मजदूरों को रखकर सफाई कार्य कराना सुनिश्चित करें।