महिला की मौत के बाद नगर निगम की टीम ने सड़क पर घूम रहे आधा दर्जन पशुओं को पकड़ा Muzaffarpur News
बेसहारा पशुओं को पकडऩे उतरे निगम के एक दर्जन कर्मचारी दो काऊ कैचर। पकड़े गए पशु गोशाला के हवाले छुड़ाने को देना होगा 5000 रुपये जुर्माना।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। गाय के हमले से महिला की मौत के बाद नगर निगम एक्शन मोड में आ गया है। सड़क एवं गली-मोहल्लों में खुलेआम विचरण करने वाले पशुओं पर नियंत्रण के लिए निगम ने रविवार को अभियान शुरू किया है। पहले दिन एलएस कॉलेज से लेनिन चौक तक अभियान चलाकर आधा दर्जन पशुओं को पकड़ा गया। अभियान में निगम के एक दर्जन कर्मचारियों के अलावा पटना नगर निगम से मंगाए गए दो काऊ कैचर भी शामिल रहे। पकड़े गए पशुओं में पांच गाय एवं एक सांड शामिल हैं। इन पशुओं को मुजफ्फरपुर गोशाला के हवाले कर दिया गया है, ताकि उनकी देखरेख हो सके। पशु मालिकों को उनको छुड़ाने के लिए पांच हजार रुपये जुर्माना स्वरूप निगम कार्यालय में जमा करना होगा। पशुओं, विशेषकर सांड को पकडऩे के लिए निगम कर्मचारियों को भारी परेशानी हुई। अभियान का नेतृत्व सिटी मैनेजर ओम प्रकाश, बहलखाना प्रभारी राम लखन सिंह एवं सफाई प्रभारी कौशल किशोर ने किया।
ध्वस्त किए जाएंगे सभी अवैध खटाल
अपर नगर आयुक्त विशाल आनंद ने कहा कि निगम पशुओं को पकडऩे का अभियान जारी रखेगा। साथ ही, शहरी क्षेत्र स्थित सभी अवैध खटालों को ध्वस्त किया जाएगा। खटालों द्वारा न सिर्फ गंदगी फैलाई जा रही है, बल्कि पशुओं को सड़क पर घूमने के लिए छोड़ दिया जाता है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पटना नगर निगम से दो काऊ कैचर मंगवाए गए हैं। जल्द ही निगम अपना कैचर खरीद लेगा।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप