मुखिया संघ का तीसरे दिन भी अनशन जारी, वार्ता विफल
समाहरणालय परिसर में जिला मुखिया संघ के सदस्यों का आमरण अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। अधिकारियों की तरफ से बुधवार को वार्ता की गई।
मुजफ्फरपुर। समाहरणालय परिसर में जिला मुखिया संघ के सदस्यों का आमरण अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। अधिकारियों की तरफ से बुधवार को वार्ता की गई। लेकिन, वार्ता विफल रहा। संघ के जिलाध्यक्ष इंद्रभूषण सिंह अशोक ने बताया कि गरीबों को हक दिलाने के लिए अनशन किया जा रहा है। जिले में पीएम आवास योजना से अब तक एक लाख 46 हजार जरूरतमंद लोग वंचित है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि इसको लेकर डीएम से बात हुई है। उन्होंने डीआरडीए को इस आशय का पत्र बनाकर ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव को भेजने का निर्देश दिया है। अनशन पर बैठने वालों में इंद्रभूषण सिंह अशोक, दिनेश कुमार, राजेश कुमार, अशोक कुमार राय, सतीश पासवान आदि शामिल हैं। नल जल योजना में भ्रष्टाचार के खिलाफ अनशन मीनापुर प्रखंड क्षेत्र की घोसौत पंचायत के ग्रामीणों ने राकेश कुमार सहनी और मो. शजमुल के नेतृत्व में जल नल योजना में व्याप्त भ्रष्टाचार और लूट के खिलाफ प्रखंड मुख्यालय पर आमरण अनशन शुरू किया। सीपीआइ के कार्यकर्ता इसका समर्थन करते हुए अनशन स्थल पर बैठ गए। राकेश कुमार सहनी ने बताया कि जनवरी 2020 से लगातार इसकी शिकयत प्रखंड से जिला स्तरीय अधिकारियों से लिखित की गई। डीएम और पंचायती राज पदाधिकारी ने बीडीओ से जाच कर कार्रवाई की रिपोर्ट तलब की, लेकिन बीडीओ ने अनसुना कर दिया। जबतक वरीय अधिकारी अनशन स्थल पर आकर लिखित आश्वासन नहीं देंगे, आमरण अनशन जारी रहेगा। इधर, बीडीओ अमरेंद्र कुमार ने अनशन स्थल पर जाकर दो दिन दिनों में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन अनशनकारी नहीं माने। अनशन को रामचंद्र झा, लक्ष्मीकात, मो. सलीम, सुरेश सहनी, किशोरी सहनी, मुकेश कुमार, अनिता देवी, रामा देवी, सुदामा देवी, प्रमिला देवी आदि ने संबोधित किया।