सांसद अजय निषाद बोले- चीन की गलत नीयत को समझ रही भारत व नेपाल की जनता Muzaffarpur News
सांसद अजय निषाद ने भारत-नेपाल के बीच चल रही राजनीति तल्खी पर दी प्रतिक्रिया। बोले- नेपाल को हड़पने की साजिश में चीन। भारत सदियों से नेपाल के सच्चे मित्र की भूमिका में।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। चीन की गलत नीयत को भारत व नेपाल की जनता समझ रही है। चीन नेपाल के सूद देने वाले महाजन की भूमिका में रहता है। लेकिन भारत नेपाल के सच्चे मित्र की भूमिका में सदियों से रहा है। भारत-नेपाल के बीच बेटी-रोटी व सांस्कृतिक संबंध दोस्ती की मिसाल का उदाहरण है। भारत-नेपाल के बीच चल रही राजनीति तल्खी पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद अजय निषाद ने यह कहा।
उन्होंने कहा कि नेपाल की जनता के साथ भारत पूरी मजबूती से खड़ा है। वहां किसी भी चीज की कमी न हुई है न आगे होगी। चीन एक षडयंत्र के तहत नेपाल को हड़पना चाहता है। उसकी साजिश को नेपाल व भारत की जनता कामयाब नहीं होने देगी। अभी जो नेपाल बार्डर पर हो रहा वह चीन का एक प्रायोजित षडयंत्र है। बहुत जल्द उसका अंत होने वाला है।
भारत के सहयोग से नेपाल हो रहा विकसित, चीन को रास नहीं आ रहा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नेपाल में लगातार बिजली, पाइप लाइन से गैस, सड़क सहित अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। यह चीन को रास नहीं आ रहा। चीन चाहता है कि नेपाल का विकास बाधित रहे ताकि वह उसका कर्जदार बना रहे। लेकिन नेपाल की जनता समझदार है और वह बहुत जल्द इसका जवाब देगी।
चीन से दूरी बना रहे सभी देश
सांसद निषाद ने कहा कि चीन से सटी हर देश की सीमा पर विवाद है। उसकी हड़प नीति के कारण अब दुनिया के सारे देश धीरे-धीरे उससे दूरी बना रहे। यहां तक कि अब पाकिस्तान भी उससे दूरी बनाने में जुटा है।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सभी सीमाएं सुरक्षित हैं। चीन की हर चाल का जवाब पूरी सख्ती से देने में भरत सक्षम है।