Sheohar: दहेज के लिए तीन बच्चों की मां की हत्या, साक्ष्य छिपाने के लिए जलाया शव, पति और ससुर गिरफ्तार
शिवहर के पिपराही थाना क्षेत्र के परसौनी बैज की घटना। दहेज के लिए एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। वहीं मायका वालों को सूचना दिए बगैर आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर भेजा।
शिवहर, जागरण संवाददाता। पिपराही थाना क्षेत्र के परसौनी बैज गांव में दहेज के लिए प्रियंका देवी नामक एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। वहीं मायका वालों को सूचना दिए बगैर आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। मामला सामने आने के बाद मृतका के भाई जिले के श्यामपुर भटहा थाना क्षेत्र के बीरा छपरा निवासी संजय कुमार ने पिपराही थाने में दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई। जिसमें मृतका के पति, सास और ससुर को आरोपित किया। पिपराही थानाध्यक्ष राज कौशल ने ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति विक्की चौबे और ससुर सुमंत चौबे को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार प्रियंका देवी तीन बच्चों की मां थी। शादी के कुछ समय बाद तक सबकुछ ठीकठाक रहा। लेकिन बाद में पति समेत ससुराल वाले बतौर दहेज दो लाख रुपये की डिमांड करते रहे। इन्कार करने पर प्रियंका को प्रताड़ित करने लगे। इसी क्रम में छह जून की रात पति समेत ससुराल वालों ने पिटाई कर और गला दबाकर प्रियंका की हत्या कर दी। साथ ही साक्ष्य छिपाने के लिए आनन-फानन में शव को जला भी दिया। इसकी सूचना मिलते ही संजय कुमार अपनी बहन के घर पहुंचे। जहां उसकी हत्या की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने पिपराही थाने में आवेदन देकर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई।
थानाध्यक्ष राज कौशल ने बताया कि, मामला दर्ज कर आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं मामले की जांच की जा रही है। बताते चलें कि, इस पूरे घटनाक्रम में तीन छोटे-छोटे बच्चों के भविष्य पर सवाल खड़ा हो गया है। वजह इन बच्चों की मां अब इस दुनियां में रही नहीं। पिता और दादा जेल की सलाखों में बंद हो गए है।