दिल्ली हिंसा की आग में जला मधुबनी का मोबारक, पहले दिन मारा छुरा दूसरे दिन गोलियों से भूना
चार भाइयों में था सबसे बड़ा सीने में लगी थी गोली। बेनीपट्टी प्रखंड के समदा इस्लामिया टोला का निवासी था।
मधुबनी,जेएनएन।Mohammad Mobarak of Madhubani died in Delhi violence दिल्ली हिंसा की आग ने जिले के एक घर को जला दिया। बेनीपट्टी प्रखंड के समदा इस्लामियां टोला के युवक मो. मोबारक हुसैन (27) की मौत हो गई। वह दिल्ली के मौजपुर इलाके में किराये के मकान में रहता था। एक मार्बल कंपनी में मजदूरी करने वाले मोबारक का शव शनिवार को गांव आते ही माहौल गमगीन हो गया। बाद में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में शव को दफनाया गया।
बताया गया कि 25 फरवरी को मोबारक को गोली लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात में मौत हो गई। इसकी सूचना दिल्ली से पहचान के लोगों ने यहां स्वजनों को दी। पोस्टमार्टम के बाद शव को लाया गया। मोबारक के पिता मो. इब्राहिम भी मजदूरी कर गुजर-बसर करते हैं। चार बेटों में मोबारक सबसे बड़ा था। उसकी शादी भी नहीं हुई थी।
दो बार हुआ घायल
एक पड़ोसी ने बताया कि दिल्ली की हिंसा (Delhi violence) में मोबारक दो बार घायल हुआ। 24 फरवरी को उसे छुरा लगा। अगले दिन सीने में गोली लगी। इस बार उसकी जान नहीं बच सकी। शव के यहां आने के बाद पुलिस प्रशासन ने गांव में सुरक्षा बढ़ा दी। एसडीएम मुकेश रंजन तथा डीएसपी पुष्कर कुमार ने निर्देश पर सीओ प्रमोद कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार, थानाध्यक्ष महेन्द्र कुमार सिंह समदा गांव पहुंचे। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच शव को दफना दिया गया।
अब तक हो चुकी 42 की मौत
बता दें कि दिल्ली में 24 फरवरी से शुरू हुई हिंसा में अबतक मरने वालों की संख्या 42 हो गई है। हालांकि उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हालात सामान्य होते दिख रहे हैं। उत्तर-पूर्वी दिल्ली हिंसा मामले में पुलिस ने अब तक 106 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने अब तक 48 एफआइआर दर्ज की है।