Bihar Crime: मधुबनी नरसंहार के मुख्य आरोपित रावण व भोला सिंह के घर उपद्रवियों ने लगाई आग
Madhubani news जिले के महमदपुर हत्याकांड के मुख्य आरोपित प्रवीण झा व भोला सिंह के घर सैंकड़ों की संख्या में लोगों ने आगजनी की। स्थानीय लोगों के अनुसार बमबारी भी हुई पुलिस कर रही इनकार। घटनास्थल पर पहुंच पुलिस ने शुरू की घटना की जांच।
मधुबनी, जागरण संवाददाता। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में होली के दिन हुए सामूहिक हत्याकांड के मुख्य आरोपित गैबीपुर गांव के प्रवीण झा उर्फ रावण एवं एक अन्य आरोपित पौआम गांव के भोला सिंह के घर शुक्रवार को उपद्रवी तत्वों ने आगजनी कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार शुक्रवार की शाम सैंकड़ों की संख्या में लोगों ने पहुंचकर गैबीपुर स्थित मुख्य आरोपित प्रवीण झा के घर में आग लगा दी। उसके दादा कामेश्वर साह के साथ मारपीट भी की गई। उसके बाद उपद्रवी नारेबाजी करते हुए वहां से चले गए। दूसरी ओर, इसी हत्याकांड के आरोपित पौआम गांव के भोला सिंह के घर में भी आगजनी की घटना हुई है।
आगजनी की घटना के बाद बढ़ा तनाव
ग्रामीणों का कहना है कि सैंकड़ों की संख्या में आए लोगों ने अचानक घर के कमरे में आग लगा दी जिससे घर में रखे सामान जल गए। आनन-फानन में लोगों ने आग पर काबू पाकर पुलिस को खबर की। अग्निशामक वाहन के द्वारा आग को बुझाया गया है। महमदपुर गांव में हुई सामूहिक हत्याकांड के बाद दो आरोपितों के घर हुई आगजनी की घटना से तनाव बढ़ता नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बमबारी भी हुई
ग्रामीणों का कहना कि घटनास्थल पर जोर की आवाज भी आई। ऐसा लगा कि बम फोड़ा गया है। हालांकि, पुलिस बमबारी से इनकार कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष राकेश कुमार रंजन ने दल-बल के साथ गैबीपुर व पौआम गांव पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि महमदपुर हत्याकांड के मुख्य आरोपित प्रवीण झा व भोला सिंह को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। प्रवीण झा उर्फ रावण को पुलिस ने बुधवार को नेपाल से गिरफ्तार किया था। ये दोनों अभी जेल में बंद हैं।