Madhubani: दरिंदगी का शिकार नाबालिग की हालत नाजुक, सबूत मिटाने के लिए आरोपित ने पीडि़ता की फोड़ी थी आंख
मधुबनी के हरलाखी थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को एक दिव्यांग नाबालिग के साथ दुराचार की घटना हुई। पीड़िता आरोपित को पहचान न ले इसके लिए आरोपित ने उसकी आंख फोड़़ दी। भाई के बयान पर मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस।
मधुबनी, जासं। हरलाखी थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को दरिंदगी का शिकार बनी नाबालिग दिव्यांग की हालत नाजुक बनी हुई है। मधुबनी सदर अस्पताल से उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। सदर अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार उसकी एक आंख पूरी तरह खराब हो चुकी है। दूसरी आंख को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। बेहतर उपचार के लिए उसे रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पीड़िता डीएमसीएच में इलाजरत है। इधर, मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पीड़िता के भाई के बयान पर पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस घटना को आरोपित ने अकेले अंजाम दिया या फिर उसके साथ और लोग भी इसमें शामिल हैं। मुख्य आरोपित से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। एसपी डॉ. सत्यप्रकाश ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामले का स्पीडी ट्रायल कराया जाएगा। दोषी को जल्द से जल्द कठोर सजा दिलाई जाएगी। पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इधर, घटना के बाद से गांव में कोहराम मचा हुआ है। लोगों के मन में दुख के साथ-साथ आक्रोश भी है। लोग इस जघन्य घटना की भर्त्सना कर रहे हैं।
बता दें कि सोमवार की दोपहर नाबालिग दिव्यांग बकरी का चारा लाने थुमहानी नदी के किनारे खेत में गई थी। वहां उसके साथ दरिंदगी की गई। वह बोलने व सुनने में असमर्थ है। केवल इशारों में बात करती है। वह दरींदे को देखकर उसकी पहचान ना कर लें, इसलिए उसकी आंखों पर प्रहार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पीड़िता के स्वजन उसे गंभीर हालत में उमगांव पीएचसी लेकर गए जहां चिकित्सकों ने उसे तत्काल सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया गया है।