Muzaffarpur Weather : सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा अधिकतम तापमान
ठंड का कहर जारी है। रविवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले दो दिनों तक सुबह में कुहासा छाया रहेगा। हालांकि दिन निकलने के साथ धूप निकल सकती है ।
मुजफ्फरपुर, जासं। ठंड का कहर जारी है। रविवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह में घना कुहासा छाया रहा। दोपहर में धूप तो निकली लेकिन उसमें गर्माहट नहीं थी। शाम ढलते ही कनकनी फिर बढ़ गई। सर्दी की आफत से लोग परेशान हो चले हैं। ऐसे में बस अलाव के इर्द-गिर्द रहने की ही चाहत होती है।
अगले दो दिनों तक छाया रहेगा कुहासा
रविवार को अधिकतम तापमान इस तिथि को रहने वाले सामान्य तापमान से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा। जबकि, न्यूनतम तापमान सामान्य की स्थिति पर ही रहा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि पूसा के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए सत्तार ने बताया कि अगले दो दिनों तक सुबह में कुहासा छाया रहेगा। हालांकि दिन निकलने के साथ धूप निकल सकती है। इस बीच अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच तथा न्यूनतम तापमान सात से नौ डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सात से 12 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से पछिया हवा चलेगी। डॉ.सत्तार ने कहा कि ठंड अभी बनी रहेगी। सुबह और शाम में हल्का से मध्यम कुहासा रह सकता है। 18 जनवरी के बाद पूरबा हवा चलने की संभावना है।
किसानों को दिए गए सुझाव
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि के गेहूं विभाग के वरीय विज्ञानी डॉ. डीके राय ने कहा कि गेहूं के लिए यह मौसम अनुकूल है। समय से ¨सचाई व नाइट्रोजन का छिड़काव करें। खरपतवार पर नियंत्रण के लिए दवा का उपयोग करें। यह मौसम गेहूं के लिए बेहतर है, लेकिन धूप ज्यादा दिनों तक नहीं निकलने से पौधे को नुकसान होता है। मक्का विभाग के वरीय विज्ञानी डॉ. मृत्युंजय कुमार ने कहा कि इस मौसम में ज्यादा दिनों तक प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया बाधित रहती है। इससे मक्के की पत्ती पीली और नीली होने लगती है। मौसम में गर्मी आते ही पौधे हरे होने लगेंगे। सूर्य प्रकाश नहीं मिलने के कारण मिट्टी में पाए जाने वाले पोषक तत्व पौधे नहीं ले पाते हैं। इससे पत्तियों के रंग में बदलाव हो जाता है। खेतों में ¨सचाई से मक्के की फसल बेहतर होगी। सभी फसलों में नमी बनाए रखने की जरूरत है।
सेहत का रखें ख्याल
सदर अस्पताल के वरीय चिकित्सक डॉ. एसके पांडेय ने कहा कि अचानक तापमान में आई गिरावट व ठंड की बढ़ोतरी होने से हृदय व रक्तचाप के मरीजों को खास सावधानी बरतनी है। उन्होंने बताया है कि इन बीमारियों से ग्रसित मरीज कोई भी दवा डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं छोड़े। ठंड में सुबह नहीं टहलने और देर शाम बाहर नहीं निकलने की सलाह दी। लोग अपने कान हमेशा ढककर रखें। डॉक्टर ने लोगों को हल्का खाना खाने व गर्म पानी पीने की सलाह दी है। शरीर पर पर्याप्त गर्म कपड़े रहने चाहिए।