पश्चिम चंपारण में दहेज के लिए विवाहिता की गला दबाकर हत्या, प्राथमिकी WestChamparan News
ससुराल वाले मृतका को कर रहे थे बाइक के लिए प्रताडि़त। विवाहिता के पिता की शिकायत पर सात सात नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। दहेज में बाइक के लिए विवाहिता की गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना बीती रात की है। पुलिस ने लाश को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में विवाहिता के पिता नवलपुर थाना के खलवा टोला निवासी राजदेव चौधरी के आवेदन पर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है।
मृतका के पिता ने बताया कि वर्ष 2012 में मृतका फुलझरी देवी(30) की शादी बैरिया थाने के बगही बकुलिया टोला निवासी रामेश्वर चौधरी के पुत्र लक्ष्मण चौधरी से हुई थी। चार वर्ष तक विवाहिता ससुराल में खुशी से रही। उसके बाद मृतका के लक्ष्मण चौधरी बाइक की मांग करने लगे। इसके लिए विवाहिता को सभी आरोपी मिलकर प्रताडि़त कर रहे थे। पीडि़ता ने यह जानकारी अपने पिता को भी दी थी। लेकिन आर्थिक रुप से कमजोर पिता बाइक का प्रबंध नहीं कर पाए थे।
प्रभारी थानाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह ने बताया कि राजदेव चौधरी के बयान पर मृतका के पति लक्ष्मण चौधरी, ससुर रामेश्वर चौधरी, देवर रवि चौधरी, सास गुलबिया देवी, ननद सुनीता देवी तथा रंभा देवी, गोतनी रीता देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभ आरोपी घर छोड़कर फरार हैं । गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।