लूट का विरोध करने पर खाद-बीज व्यवसायी को मारी गोली
लूट का विरोध करने पर खाद-बीज के थोक व्यवसायी कृष्ण कुमार बंका को लुटेरों ने गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देकर अपराधी हथियार लहराते हुए भाग निकले।
मुजफ्फरपुर। लूट का विरोध करने पर खाद-बीज के थोक व्यवसायी कृष्ण कुमार बंका को लुटेरों ने गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देकर अपराधी हथियार लहराते हुए भाग निकले। घटना नगर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर स्थित प्रभात जर्दा फैक्ट्री के समीप गुरुवार देर रात को हुई। सूचना मिलने पर नगर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया। घायल को ब्रह्मापुरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कृष्ण कुमार सुतापट्टी के रहने वाले हैं। 15 साल से उनका प्रभात जर्दा फैक्ट्री के समीप कार्यालय है। रात को काम समाप्त होने के बाद घर जाने की तैयारी कर रहे थे। कार्यालय के कर्मी और उनके छोटे भाई आदित्य कुमार बंका चारपहिया वाहन में सवार होकर वहां से निकले। तभी घात लगाए दो बाइक सवार पांच अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर वाहन रोका। सभी को उतारकर मोबाइल, कैश समेत अन्य सामान लूट लिए। हल्ला-हंगामा सुनकर व्यवसायी कार्यालय से बाहर निकले और लुटेरों का विरोध करने लगे। तभी लुटेरों ने ताबड़तोड़ फायरिग शुरू कर दी। एक गोली उन्हें लगी और वे गिर गए। लूटपाट कर सभी भाग गए। लूटे गए कैश का अभी स्पष्ट पता नहीं लगा है। पुलिस का कहना है कि बयान दर्ज होने के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
बाइक लूट में विफल होने पर युवक को मारी गोली करजा थाना क्षेत्र के रौतिनिया में बाइक सवार पाच अपराधियों ने बाइक लूट में विफल होने पर बाइक सवार युवक को गोली मारकर जख्मी कर दिया। इसी बीच रास्ते से गुजर रहे राजद युवा प्रखंड उपाध्यक्ष पप्पू कुमार राय बचाव में पहुंचे तो उनपर भी पिस्टल तान दी। राजद प्रखंड उपाध्यक्ष की सूचना पर तत्काल पहुंचे करजा थाने के एएसआइ राकेश कुमार ने जख्मी युवक को पीएचसी में भर्ती कराया जहा से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया। जख्मी युवक की पहचान गवसरा बंगरी निवासी किशोरी राय के 25 वर्षीय पुत्र उमेश राय के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शी राजद उपाध्यक्ष ने बताया कि वे रौतिनिया से मड़वन की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार पाच अपराधी एक युवक से बाइक लूटने का प्रयास कर रहे थे मगर युवक इसका विरोध कर रहा था। इसी दौरान वे वहां पहुंच गए। इसी बीच अपराधियों ने युवक पर गोली चला दी जिससे वह जख्मी हो गया। इसी बीच उनके पहुंचने पर एक अपराधी ने पिस्टल तान दी व गोली चलाने का प्रयास किया, मगर वे बाल बाल बच गए। इस संबंध में थानाध्यक्ष सरोज कुमार ने बताया कि मामले की जाच पड़ताल की जा रही है।