Move to Jagran APP

मधुबनी पंचायत, मुखिया चुनाव 2021: झंझारपुर के चनौरागंज में कई बूथों पर पुलिस ने चटकाईं लाठियां, हंगामा

मधुबनी के झंझारपुर और लखनौर दो प्रखंडों में आठवें चरण में कड़ी सुरक्षा में हो रहा मतदान। 1619 महिला सहित 3262 उम्मीदवार आजमा रहे राजनीतिक किस्मत। बूथों की सुरक्षा के कड़े प्रबंध मतदान केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू। 1.21 लाख महिला सहित 2.53 लाख मतदाता करेंगे मतदान।

By Ajit KumarEdited By: Published: Wed, 24 Nov 2021 11:22 AM (IST)Updated: Wed, 24 Nov 2021 02:32 PM (IST)
मधुबनी पंचायत, मुखिया चुनाव 2021:  झंझारपुर के चनौरागंज में कई बूथों पर पुलिस ने चटकाईं लाठियां, हंगामा
जिला मुख्यालय स्थित आरके कॉलेज में बज्रगृह बनाया गया है। फोटो- जागरण

मधुबनी, जासं। झंझारपुर के चनौरगंज स्थित सामुदायिक भवन में बूथ संख्या 178 व 181 पर हंगामा की सूचना मिली है। यहां पुलिस व लोगों के बीच नोंकझोंक हुई। पुलिस ने लोगों पर लाठियां भी चलाई है। इस दौरान एक पुलिस पदाधिकारी ने अपनी पिस्टल भी निकाल ली, लेकिन लोगों के आक्रोश को देखते हुए उन्होनें पिस्टल वापस रख ली। बहरहाल, मामला नियंत्रण में है और शांतिपूर्ण मतदान हो रहा है। बूथ पर तैनात पीसीसीपी मजिस्ट्रेट विनय कुमार विनय के अनुसार बूथ के बाहर सड़क पर लोगों की भीड़ जमा थी। सड़क पर एक बाइक भी लगी थी। उसी दौरान गश्ती दल वहां पहुंचा तो कुछ पुलिस कर्मियों ने बाइक पर लाठियां चला दी जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक देखने पहुंचे युवक की भी पिटाई कर दी गई। जिसके बाद लोग आक्रोशित हो गए तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। हालांकि, स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। दोनों मतदान केंद्रों पर मतदान जारी है। इधर, जिला परिषद क्षेत्र 51 के प्रत्याशी मो. रेजाउद्दीन ने बताया कि वे अपने बूथ संख्या 182 व 183 का निरीक्षण करने जा रहे थे तो इस दौरान वहां पहुंची पुलिस ने आमलोगों पर लाठियां चलाई। इसके अलावा बूथ संख्या 177 व 176 पर भी हंगामा की सूचना है। पुलिस की कार्रवाई से लोगों में आक्रोश है, हालांकि, अब मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है।

loksabha election banner

पंचायत आम चुनाव के आठवें चरण के तहत जिले के दो प्रखंडों झंझारपुर एवं लखनौर में कुल 470 बूथों पर बुधवार की सुबह सात बजे से मतदान शुरू है। शांतिपूर्ण माहौल में निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान संपन्न कराने के लिए प्रशासन मुस्तैद है। बूथों की सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। बूथों के दो सौ मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू है। मतदान प्रक्रिया की सूक्ष्म निगरानी एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय है। जोनल दंडाधिकारी, सेक्टर दंडाधिकारी, पीसीसीपी, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल, सशस्त्र बल आदि की प्रतिनियुक्ति की गई है। हालांकि, सुबह में ठंड व कुहासा का असर भी देखने को मिला। कुहासा के कारण शुरूआती दो घंटों में मतदान केंद्रों पर लोगों की संख्या कम रही, लेकिन 10 बजे तक मतदात केंद्रों पर लोगों की भीड़ जुटने लगी है। दोनों प्रखंडों से 1,619 महिलाओं सहित कुल 3,262 उम्मीदवार अपनी राजनीतिक किस्मत आजमा रहे हैं। मतदान समाप्ति के बाद पोल्ड ईवीएम एवं पोल्ड बैलेट बॉक्स को जिला मुख्यालय स्थित आरके कॉलेज में बनाए गए बज्रगृह में सुरक्षित रखा जाएगा।

झंझारपुर से 1683 एवं लखनौर से 1579 उम्मीदवार चुनाव मैदान में 

झंझारपुर एवं लखनौर प्रखंड क्षेत्रों से कुल 3,262 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। इनमें 1,619 महिला एवं 1,643 पुरुष उम्मीदवार शामिल हैं। झंझारपुर प्रखंड में कुल 1,683 उम्मीदवार में 838 महिला व 845 पुरुष उम्मीदवार शामिल है। लखनौर प्रखंड में कुल 1,579 उम्मीदवार में 781 महिला एवं 798 पुरुष उम्मीदवार शामिल है।

किस प्रखंड में कितने मतदाता 

झंझारपुर एवं लखनौर प्रखंडों में मतदाताओं की कुल संख्या दो लाख 53 हजार 124 है। इसमें एक लाख 20 हजार 678 महिला मतदाता, एक लाख 32 हजार 440 पुरुष मतदाता एवं छह थर्ड जेंडर मतदाता शामिल है। झंझारपुर प्रखंड में मतदाताओं की कुल संख्या एक लाख 29 हजार 300 है। इसमें 61 हजार 573 महिला, 67 हजार 721 पुरुष एवं छह थर्ड जेंडर मतदाता शामिल है। लखनौर प्रखंड में मतदाताओं की कुल संख्या एक लाख 23 हजार 824 है। इसमें 59 हजार 105 महिला एवं 64 हजार 719 पुरुष मतदाता शामिल हैं। लखनौर प्रखंड में एक भी थर्ड जेंडर मतदाता नहीं है।

झंझारपुर में 240 एवं लखनौर में 230 बूथों पर होगा मतदान 

झंझारपुर एवं लखनौर में बूथों की कुल संख्या 470 है। इसमें 458 मूल मतदान केंद्र, 12 सहायक मतदान केंद्र एवं पांच चलंत मतदान केंद्र शामिल हैं। झंझारपुर प्रखंड के कुल 240 बूथों में 233 मूल मतदान केंद्र, सात सहायक मतदान केंद्र एवं दो चलंत मतदान केंद्र शामिल है। लखनौर प्रखंड के कुल 230 बूथों में 225 मूल मतदान केंद्र, पांच सहायक मतदान केंद्र एवं तीन चलंत मतदान केंद्र शामिल हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.