मधुबनी सामूहिक हत्याकांड: महमदपुर हत्याकांड के एक माह बाद भी 11 नामजद पुलिस की गिरफ्त से बाहर
Madhubani five people murder case हमदपुर सामूहिक हत्याकांड के एक माह बीत जाने के बाद भी 11 नामजद आरोपितों को पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। हत्याकांड में कुल 33 नामजद आरोपित हैं जिनमें से 22 नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
बेनीपट्टी (मधुबनी), जासं। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में हुई सामूहिक हत्याकांड के एक माह बीत जाने के बाद अब लोगों की जिंदगी पटरी पर लौटने लगी है। विधि व्यवस्था व शांति बनाए रखने को लेकर महमदपुर, गैबीपुर, पौआम एवं भंडारी चौक पर दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल अभी भी चौकसी बरत रही है। महमदपुर एवं पौआम गांव में एक-एक कंपनी विशेष सशस्त्र पुलिस बल के जवानों को तैनात किया गया है। विशेष सशस्त्र पुलिस बल के द्वारा गांव एवं बाजार व चौक-चौराहे पर सतर्कता बरती जा रही है। महमदपुर सामूहिक हत्याकांड के एक माह बीत जाने के बाद भी 11 नामजद आरोपितों को पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। हत्याकांड में कुल 33 नामजद आरोपित हैं जिनमें से 22 नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके अलावा तीन अप्राथमिकी अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कियाा जा चुका है। 11 आरोपितों ने अब तक ना तो सरेंडर किया है और ना ही पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकी है।
धीरे-धीरे सामान्य हो रही स्थिति
हत्याकांड के एक माह बाद अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी है। लोग चौक-चौराहों पर निकलने लगे हैं। धीरे-धीरे लोगों का जीवन पटरी पर लौटने लगा है। पुलिस की पेट्रोलिंग लगातार जारी है। प्रशिक्षु डीएसपी राकेश कुमार रंजन ने बताया कि फरार आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। तकनीकी सेल की मदद से आरोपितों के संभावित ठिकानों को खंगाला जा रहा है।
होली के दिन गोलीबारी में पांच लोगों की हुई थी मौत
बता दें कि एक माह पूर्व होली के दिन 29 मार्च को महमदपुर गांव में भीषण गोलीबारी हुई थी जिसमें तीन सगे भाइयों समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। गोलीबारी में जख्मी एक युवक अभी भी इलाजरत है। इस घटना के बाद क्षेत्र में काफी तनाव बन गया था। राजनीतिक दलों ने इस घटना को राजनीतिक रूप देने का भी खूब प्रयास किया था। इसी क्रम में घटना के मुख्य आरोपितों के घर भी हमला कर आगजनी की गई थी। बहरहाल, क्षेत्र में तनाव धीरे-धीरे कम होने लगा है, लेकिन पुलिस की चौकसी अभी भी जारी है।