शिक्षा और नशामुक्ति से ही बढ़ेगा समाज : मंत्री मदन सहनी
सरकार की ओर से शिक्षा व नशामुक्ति के लिए किए जा रहे कार्यों पर चर्चा की। मंत्री ने की एकजुटता की अपील।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। राज्य के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री मदन सहनी ने कहा कि शिक्षा और नशामुक्ति से ही समाज का विकास हो सकता है। एक शिक्षित इंसान ही समाज को सही दिशा दे सकता है। वे रविवार को निषाद संघर्ष मोर्चा की ओर से आम्रपाली ऑडिटोरियम में आयोजित सेमिनार को संबोधित कर रहे थे। इसका विषय 'शिक्षा एक वरदान एवं नशा उन्मूलन' रखा गया था। उन्होंने सेमिनार में महिलाओं की अच्छी भागीदारी को देख शुभ संकेत बताया। सरकार की ओर से शिक्षा व नशामुक्ति के लिए किए जा रहे कार्यों पर भी चर्चा की। कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री व सांसद अजय निषाद सहित अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कहा, निषादों का इतिहास गौरवशाली
सांसद ने कहा कि निषादों का गौरवशाली इतिहास रहा है। यदि वे शिक्षित होंगे, तभी विकसित होंगे। संगठन की ओर से जल्द ही प्रखंड से जिला स्तर तक प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसमें चयनित होनहार व मेधावियों को पुरस्कृत किया जाएगा। सामाजिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि यदि हम एकजुट रहेंगे तो सामाजिक बुराइयां हमारा कुछ भी नहीं बिगाड़ पाएंगी। हम बुराइयों से दूर रहें, तभी हमारा विकास संभव है।
नशा समाज उत्थान में बाधक
मोर्चा संरक्षक रंजीत सहनी ने कहा कि बिना शिक्षा के संसाधन रहते हुए भी हमारा समुचित विकास नहीं हो सकता। आज लोग अशिक्षा का ही फायदा उठाते हुए हमें गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। नशा समाज के उत्थान में बाधक है। अध्यक्षता महावीर सहनी व संचालन विनोद सहनी ने किया। इस दौरान एलएन मिथिला विवि, दरभंगा के प्रो.हरिश्चंद्र सहनी की पुस्तक 'सिंधु घाटी की सभ्यता के निर्माता निषाद' का भी विमोचन किया गया। अतिथियों का स्वागत बुके व अंगवस्त्र देकर किया गया। मौके पर पूर्व सांसद डॉ.अजय सहनी, हाजीपुर नगर परिषद की उपसभापति रमा निषाद, प्रो.भगवान लाल सहनी, रामेश्वर सहनी, ई.सत्येंद्र सहनी, लव किशोर निषाद, अरविंद सहनी, सुंदर सहनी, तेज नारायण सहनी, लालबाबू सहनी, मुन्नी लाल सागर, सुधीर सहनी, उपेंद्र सहनी, डॉ.माधुरी, पिंकी कुमारी, जलेश्वर सहनी, देवेंद्र सहनी, सिपाही सहनी, सुनील सहनी, कन्हाई सहनी आदि ने भी विचार रखे।