आसमान में बनेंगे गरज वाले बादल, दो-तीन दिनों तकहोगी हल्की वर्षा
मौसम में उतार चढ़ाव जारी है। शनिवार की सुबह कुहासा दिन में धूप निकली तो शाम ढलते ही कुहासे का असर दिखा।
मुजफ्फरपुर : मौसम में उतार चढ़ाव जारी है। शनिवार की सुबह कुहासा दिन में धूप निकली तो शाम ढलते ही कुहासे का असर दिखा। मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि अगले दिनों तक आसमान में गरज वाले बादल बनेंगे। इसके कारण हल्की वर्षा होने की संभावना है। वर्षा के समय हवा की गति तेज रहेगी।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर बिहार के जिलों में आसमान में गरज वाले बादल बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से मौसम में बदलाव के साथ कई स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्वी तथा पश्चिमी चंपारण जिले में 24 जनवरी को हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। वर्षा के समय हवा की गति अधिक रह सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 26 जनवरी तक औसतन 7 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पुरवा हवा चलने की संभावना है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 75 से 80 प्रतिशत तथा दोपहर में 45 से 55 प्रतिशत रहने की संभावना है। कृषि कार्यो में बरतें सतर्कता किसानों के लिए जारी समसामयिक सुझाव में कहा है कि पूर्वानुमान की अवधि में हल्की वर्षा की संभावना को देखते हुए कृषि कार्यो में सतर्कता बरतें। फसलों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव आसमान साफ रहने पर ही करें। खड़ी फसलों जैसे-गेहूं, मक्का, आलू, मटर, चना एवं सब्जियों की फसल में इस समय सिचाई न करें। हल्दी एवं ओल की तैयार फसलों की फिलहाल खुदाई न करें। खुदाई की गई हल्दी एवं ओल की कंद को सुरक्षित स्थानों पर भंडारित कर लें। मौसम के हिसाब से अपने फसल की देखरेख करे। पशुओं को ठंड से बचाव के उपाय करना चाहिए। जब मौसम साफ रहे तभी दवा का छिड़काव फसल पर करना चाहिए।