उत्तर बिहार में अगले चार दिनों में हो सकती हल्की बारिश
आसमान का खालीपन होगा दूर, दिखेगा कुहासा। दिन का तापमान भी होगा कम, कुहासा रहने की संभावना।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। उत्तर बिहार के जिलों में अगले चार दिनों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान सुबह कुहासा होने और बादल भी छाए रहेंगे। न्यूनतम तापमान व अधिकतम तापमान में कमी आएगी। मौसम की शुष्कता कम व नमी का असर दिखाई देगा।
उत्तर बिहार के जिलों में आसमान में हल्के से मध्यम गरज वाले बादल सकते हैं। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सात जनवरी आस पास पश्चिमी व पूर्वी चंपारण एवं मुजफ्फरपुर में कुछ हिस्सों में हल्की बारिश व कुछ स्थानों पर बूंदा बांदी होने का अनुमान है। सुबह से कुहासा भी हो सकता है। पूर्वानुमान की अवधि में अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 5 से 7 होने की संभावना है।
5 से 7 जनवरी चार से पांच किमी की गति से पुरवा हवा चलेगी। इसके बाद पछिया चलेगी। शुक्रवार को भी धूप में गर्मी का एहसास कम था। रुक रुक कर हवा चल रही थी। इससे दिन में धूप सेंकने के बजाए लोग कार्यालयों में हीटर में बैठकर काम कर रहे थे। घरों में भी महिलाएं छत पर जाकर धूप में नहीं बैठी। बच्चों को भी छत पर खेलने की अनुमति नहीं मिली।
सुबह में नमी 80 से 90 व दोपहर में 50 से 60 फीसद रहने की संभावना है। शुक्रवार 4 जनवरी भी विगत दस साल में सबसे ठंडा दिन रहा।