सूरज ने बिखेरी चमक, नरम पड़ी ठंड
जिले में शीत लहर जारी रहा। शुक्रवार की सुबह में कुहासा का असर रहा।
मुजफ्फरपुर : जिले में शीत लहर जारी रहा। शुक्रवार की सुबह में कुहासा का असर रहा। सुबह 10 बजे के बाद सूरज ने चमक बिखेरी। धूप में हल्की गर्मी रही। पिछले कुछ दिनों से दोपहर में भी रह रही कनकनी में नरमी रही। इससे लोगों को कुछ राहत मिली। हालांकि शाम में फिर ठंड में कुछ बढ़ गई। सड़कों पर रात साढ़े सात बजे के बाद सन्नाटा पसर गया। दुकानें भी बंद हो गईं। लोग घरों में बंद हो गए। अधिकतम 19.7 डिग्री जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम तथा न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम रहा।
डा. राजेंद्र प्रसाद कृषि विवि, पूसा के मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान में बताया गया है कि 22 से 26 जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर बिहार के जिलों में आसमान में गरज वाले बादलों के बनने की संभावना है । इसके प्रभाव से अगले दो-तीन दिनों (22-24 जनवरी) तक मौसम के बदलाव के साथ हल्की बारिश कई स्थानों पर हो सकती है। वर्षा के समय हवा की गति अधिक रह सकती है। अधिकतम 18 से 20 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। नोडल पदाधिकारी डा. ए सत्तार ने कहा कि पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 7 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चलने की संभावना है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 75 से 80 प्रतिशत तथा दोपहर में 45 से 55 प्रतिशत रहने की संभावना है। किसानों को यह सुझाव
- हल्की वर्षा की संभावना को देखते हुए कृषि कार्यों में सर्तकता बरतें। फसलों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव आसमान साफ रहने पर ही करना चाहिए।
- खड़ी फसलों गेहूं, मक्का, आलू, मटर, चना एवं सब्जिओं की फसल में इस समय सिंचाई नहीं करना चाहिए। हल्दी एवं ओल की तैयार फसलों की फिलहाल खुदाई न करें। खुदाई की गई हल्दी एवं जल की कंद को सुरक्षित स्थानों पर भंडारित कर लें।
- समय से बोई गई गेहूं की 40 से 50 दिनों की फसल में दूसरी सिंचाई एवं अगात बोई गई गेहूं की फसल जो 60 से 65 दिनों की हो गई है, उसमें तीसरी सिचाई के लिए इंतजार कर सकते हैं।